तेजस टूडे सं.
आशीष मौर्य
नेवढ़िया, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के आकोपुर गांव में शनिवार दोपहर करीब दो बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई जब किसानों की गेहूं की फसल में अचानक आग लग गई। गांव निवासी विजयनाथ, बाबूलनाथ, प्रमोद तथा शिवांश सिंह के लगभग 4 बीघा खेत में गेहूं की फसल कटी हुई और कुछ हिस्सा खड़ी अवस्था में था। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब तीन बीघा फसल जलकर राख हो गई।
आग की तेज लपटें और उठते धुएं को देखकर आस—पास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गये। ग्रामीणों ने तत्काल नेवढ़िया पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही गांव के लोगों ने साहस और सूझ—बूझ का परिचय देते हुए आम और शीशम की टहनियों से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया जिससे बाकी फसल को बचाया जा सका।
घटना की सूचना पर पुलिस, फायर ब्रिगेड की टीम और लेखपाल भी मौके पर पहुंचे तथा नुकसान का जायजा लिया। इस आगजनी की घटना से किसानों को भारी आर्थिक क्षति हुई है। किसानों की महीनों की मेहनत कुछ ही मिनटों में राख में बदल गई जिससे उनके सामने चिंता की स्थिति उत्पन्न हो गई है। ग्रामीणों के अनुसार खेत के आसपास कोई बिजली का खंभा या तार नहीं है, इसलिए शॉर्ट सर्किट की संभावना से इनकार किया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि किसी राहगीर द्वारा बीड़ी या सिगरेट पीकर खेत में फेंक देने से आग लगी होगी। फिलहाल प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।
.jpg)











