घरों—मन्दिरों में विशेष तैयारियां, बाजारों में पूजा सामग्री की बढ़ी मांग
राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से प्रारम्भ होने वाले पावन पर्व वासन्तिक नवरात्रि का शुभारम्भ हो गया है। कस्बा सहित आस-पास के क्षेत्रों में श्रद्धा और उत्साह का वातावरण व्याप्त है। महिलाओं ने नवरात्रि के स्वागत के लिए घरों की साफ-सफाई का कार्य पूर्ण कर लिया है और पूजा स्थलों को विशेष रूप से सजाया गया है। नवरात्रि के पहले दिन माता मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की जाती है। प्रातःकाल से ही मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ने लगेगी। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से कलश स्थापना कर मां दुर्गा के नौ रूपों की उपासना का संकल्प लिया।
महिलाओं ने घरों में विशेष रूप से पूजा कक्ष की सजावट की है। रंगोली, फूलों और दीपों से घरों को सजाकर आध्यात्मिक वातावरण तैयार किया गया। कई घरों में अखंड ज्योति प्रज्वलित की गई है और दुर्गा सप्तशती का पाठ प्रारम्भ हुआ। कस्बा के प्रमुख मंदिरों जैसे प्राचीन दुर्गा मन्दिर, मुनवर खानी माता मन्दिर समेत अन्य मन्दिरों में विशेष तैयारियां की गई हैं। मन्दिर के गर्भ गृह को सजाया गया है। वहीं नवरात्रि को लेकर बाजारों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। फूल, नारियल, चुनरी, धूप-बत्ती, फल और अन्य पूजा सामग्री की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ रही। व्यापारियों के अनुसार इस बार बिक्री में अच्छी बढ़ोतरी हुई है।
धार्मिक मान्यता के अनुसार नवरात्रि के नौ दिनों तक व्रत रखकर माता दुर्गा की आराधना करने से सुख-समृद्धि और शांति की प्राप्ति होती है। प्रशासन ने भी त्योहार को देखते हुए साफ-सफाई और सुरक्षा के विशेष निर्देश जारी किए हैं। नवरात्रि के इस पावन अवसर पर पूरे शहर में भक्ति और आस्था का माहौल बना हुआ है, वहीं महिलाएं और परिजन पूरे उत्साह के साथ इस पर्व को मनाने के लिए तैयार हैं।
.jpg)









