किसानों को दी गयी योजनाओं की जानकारी
राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। विकास खंड शाहगंज सोंधी के सभागार में शुक्रवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त हस्तांतरण के अवसर पर ‘किसान उत्सव दिवस’ का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की किस्त के हस्तांतरण का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक विकास अधिकारी (कृषि) धर्मेंद्र कुमार ने की। मुख्य अतिथि ब्लॉक अध्यक्ष अशोक यादव तथा विशिष्ट अतिथि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी शाहगंज के ब्लॉक अध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र राजभर उपस्थित रहे।
अध्यक्षीय संबोधन में एडीओ एजी धर्मेंद्र कुमार ने किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्रता और अपात्रता के मानकों पर भी प्रकाश डालते हुये बताया कि किसान किन परिस्थितियों में योजना का लाभ लगातार प्राप्त कर सकते हैं और किन कारणों से वे योजना से वंचित हो सकते हैं। उन्होंने किसानों से अपील किया कि वे समय-समय पर अपने दस्तावेजों का सत्यापन कराते रहें ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या न आये।
कार्यक्रम में विषय वस्तु विशेषज्ञ (एसएमएस) शाहगंज, कृषि विभाग के कर्मचारी तथा सोंधी कृषक उत्पादक समूह (एफपीओ) के प्रतिनिधि बृजेश यादव, उमेश यादव, सूबेदार और प्रमोद बिंद सहित अन्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में प्रगतिशील किसानों और कृषि आजीविका सखियों ने कार्यक्रम में भाग लेकर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त के हस्तांतरण का सीधा प्रसारण देखा और कृषि विभाग की योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त किया। अंत में किसानों ने विभाग द्वारा दी गई तकनीकी जानकारी की सराहना किया।
.jpg)







