राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। वाराणसी–अयोध्या रेल मार्ग पर सोमवार को अप टांडा लांग हॉल्ट (मालगाड़ी) जो कोयला लेकर टांडा जा रही थी कि दो हिस्सों में बंट जाने से रेल संचालन प्रभावित हो गया। यह घटना भुड़कुड़हां और मिहरावा स्टेशन के बीच ब्लाक सेक्शन में लगभग 11:15 बजे हुई जब उक्त मालगाड़ी अचानक दो भागों में विभाजित हो गई। इस अप्रत्याशित घटना के कारण अप लाइन पर ट्रेनों का संचालन करीब 40 मिनट तक बाधित रहा।
सूचना मिलते ही गार्ड ने तत्परता दिखाते हुए इसकी जानकारी चालक दल को दी। इसके बाद सहायक लोको पायलट (एएलपी) ने सावधानीपूर्वक इंजन को पीछे लेकर जाकर दोनों हिस्सों को जोड़ा। आवश्यक तकनीकी जांच और सुरक्षा सुनिश्चित करने के बाद मालगाड़ी को पुनः गंतव्य के लिए 11:55 बजे रवाना किया गया।
इस दौरान अप लाइन बाधित रहने के कारण डाउन लाइन से ट्रेनों का संचालन जारी रखा गया। यात्री सुविधा को ध्यान में रखते हुए इंटरसिटी एक्सप्रेस तथा कोटा–पटना एक्सप्रेस को डाउन लाइन से निकाला गया जिससे यात्रियों को अधिक असुविधा का सामना न करना पड़े।
रेलवे अधिकारियों के अनुसा, घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर कपलिंग में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। समय रहते समस्या का समाधान कर लिया गया जिससे बड़ा हादसा टल गया। रेलवे प्रशासन ने कर्मचारियों की तत्परता की सराहना की है।
.jpg)






