आग में झुलसने से युवक की हो गयी थी मौत, दूसरे दिन भी घर में नहीं जला चूल्हा
तरुण चौबे
सुजानगंज, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के सकापुर गांव में बृहस्पतिवार की बीती रात रामजीत गौंड के घर में संदिग्ध तरीके से आग लग गई जिसमें उनके पुत्र शिवमूर्ति गौंड गंभीर तरीके से झुलस गए थे जिनकी इलाज के दौरान जिला अस्पताल में वृहस्पतिवार को मौत हो गई थी। मृतक के स्वजनों ने थाना सुजानगंज में तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि थाना क्षेत्र तेजी बाजार के सरायविभार ग्राम निवासी निवासी अमन सरोज पुत्र कल्लू ने पुरानी रंजिश में हमारे घर में आग लगा दी। इसको संज्ञान में लेते हुए सुजानगंज थाना के थानाध्यक्ष ने मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई शुरू कर दी। शुक्रवार को 24 घंटे के अंदर सुजानगंज पुलिस ने आग लगाने के आरोपी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुजानगंज के पास से धर दबोचा।
इस संबंध में थानाध्यक्ष फूलचंद पांडेय ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही हमने टीम लगाकर आरोपी की गिरफ्तारी कर ली। अब अग्रिम कार्रवाई हेतु न्यायालय भेज दिया गया है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि उक्त आरोपी से हमारा बहुत पहले का विवाद है जिसमें पूर्व के विवाद में आरोपी के खिलाफ मुकदमा भी न्यायालय में विचाराधीन है। उसी बात को लेकर आए दिन वह व्यक्ति हमसे सुलह समझौता का दबाव बनाता था जो जानमाल की धमकी भी देता था।
वहीं मृतक के घर दूसरे दिन भी चूल्हा नहीं जला। पीड़ित की मां के साथ पूरे परिवार का रो—रो कर बुरा हाल है। परिवार के साथ पूरे गांव में मातम छाया हुआ है। मृतक के घर लोगों का आना-जाना लगा हुआ है। पीड़ित परिवार अत्यंत सी गरीब परिवार है। पीड़ित परिवार किसी तरह मजदूरी करके अपना जीवन यापन करता था।
.jpg)








