अखिलेश श्रीवास्तव
लखनऊ। मां सिद्धिदात्री छोहरिया शक्तिपीठ ट्रस्ट द्वारा प्रति वर्ष आयोजित होने वाला सर्वजातीय निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह समारोह इस वर्ष भी अत्यंत भव्य एवं श्रद्धामय वातावरण में छोहरिया माता मंदिर चिनहट में संपन्न हुआ। यह इस पुनीत आयोजन का 26वां वर्ष रहा जिसमें इस बार 105 निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह पूरे वैदिक रीति-रिवाजों और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सम्पन्न कराया गया। ट्रस्ट को दानदाताओं, श्रद्धालुओं एवं भक्तों का निरंतर सहयोग प्राप्त होता रहा है जिसके फलस्वरूप निर्धन कन्याओं को विवाह उपरांत घरेलू उपयोग की अनेक आवश्यक वस्तुएं भेंट की गईं।
मंदिर के महंत लल्ला बाबा ने बताया कि जिन परिवारों में बेटियां नहीं हैं, वे भी इन कन्याओं को अपनी बेटी मानकर कन्यादान कर पुण्य के भागीदार बन सकते हैं। उन्होंने बताया कि 19 से 25 मार्च तक धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला चली जिसमें प्रतिदिन प्रातः महायज्ञ एवं संध्या में श्रीमद्भागवत कथा आयोजित की गई। इसके अतिरिक्त मां भगवती का विशाल जागरण, भक्ति-भजन, झांकियां एवं विशाल भंडारे का आयोजन भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। दशमी तिथि शनिवार पर 105 निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह जयमाल, सप्तपदी और आशीर्वाद समारोह के साथ संपन्न हुआ।
ट्रस्ट की ओर से नवविवाहित जोड़ों को साइकिल, सिलाई मशीन, स्टील बक्सा, टिफिन, बाल्टी, दीवार घड़ी, पंखे, कपड़े, बिस्तर, अटैची, बर्तन, फर्नीचर सहित अन्य घरेलू उपयोग की सामग्री उपहार स्वरूप प्रदान की गयी।
39 वर्षों से निरन्तर चल रहा भण्डारा और यह आयोजन
सन् 1987 से निरंतर भंडारे का आयोजन होता आ रहा है। वहीं सामूहिक वैवाहिक कार्यक्रम की शुरुआत वर्ष 2000 में मात्र 5 कन्याओं के विवाह से हुई थी जो आज एक विशाल स्वरूप लेते हुए 28 मार्च 2026 को 105 निर्धन एवं गरीब कन्याओं के विवाह का ऐतिहासिक साक्षी बना।
सुरक्षा की रही विशेष व्यवस्था
मंदिर परिसर में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम के दृष्टिगत पूरे चिनहट क्षेत्र में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए। क्षेत्र के चप्पे-चप्पे पर चिनहट पुलिस की विशेष निगरानी रही। चिनहट थाना प्रभारी दिनेश चंद्र मिश्रा के नेतृत्व में पुलिसकर्मी लगातार मेले और भीड़ पर सतर्क नजर बनाए रहे जिससे श्रद्धालुओं और विवाह समारोह में शामिल लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
शक्तिपीठ ट्रस्ट की ख्याति लगातार बढ़ रही: महंत
आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं मंदिर के महंत लाल बाबा ने बताया कि मां सिद्धिदात्री छोहरिया शक्तिपीठ ट्रस्ट की ख्याति लगातार चारों ओर बढ़ती जा रही है, क्योंकि यहां माता के पूजन-अर्चन और विशाल भंडारे के साथ गरीब परिवारों की कन्याओं के विवाह भी संपन्न कराए जाते हैं।
.jpg)









