जयपुर। सेंट्रल पार्क के सामने महाराजा बैंक्विट हॉल में राजस्थान पीपीजे एमएस ग्रुप द्वारा आयोजित कार्यक्रम में जयपुर करतारपुरा निवासी डॉ अरविन्द जायसवाल को चिकित्सा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में बहुआयामी योगदान देने एवं उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए राजस्थान मानवसेवा रत्न अवॉर्ड 2026 से सम्मानित किया गया। यह अवार्ड प्रसिद्ध अभिनेता बिंदु धारा सिंह की उपस्थिति में दिया गया।
बता दें कि डॉ जायसवाल वर्तमान में भारत सरकार के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत एनएचएसआरसी नई दिल्ली में नेशनल असेसर के रूप में जुड़े हुए हैं। इस महत्वपूर्ण दायित्व के अंतर्गत वे देश भर के सरकारी अस्पतालों का निरीक्षण करते हैं जिनकी रिपोर्ट के आधार पर भारत सरकार द्वारा अस्पतालों को अवार्ड एवं इंसेंटिव प्रदान किए जाते हैं, उनके कार्यों से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो रहा है। चिकित्सा सेवा के साथ डा. जायसवाल सामाजिक क्षेत्र में भी अत्यंत सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वे वर्तमान में अखिल भारतीय जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में समाज को संगठित करने, सामाजिक उत्थान एवं जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने में अग्रणीय हैं। शैक्षणिक एवं सामाजिक जुड़ाव के क्षेत्र में भी उनका योगदान उल्लेखनीय हैं।
बता दें कि श्री जायसवाल महाराजा कॉलेज एलुमनी एसोसिएशन के सचिव के पद पर भी कार्यरत हैं जिसमें देश भर से 1000 से अधिक पूर्व छात्र जुड़े हैं। इसके माध्यम से सभी पूर्व छात्रों की हर संभव मदद की जाती रहती है। साथ ही वर्ष में होली एवं दीपावली मिलन समारोह सहित विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का आयोजन भी किया जाता है जिससे भाईचारे एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलता है।
उल्लेखनीय है कि कोरोना काल के दौरान उनके द्वारा किए गए चिकित्सा एवं सामाजिक कार्यों के लिए देश भर की लगभग 30 संस्थाओं द्वारा उन्हें विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। वर्ष 2000 से निरंतर जयपुर में सामाजिक कार्यों में तन मन धन से सक्रिय सहभागिता निभाते हुए उन्होंने जन सेवा को ही अपने जीवन का उद्देश्य बनाया है, उनकी दीर्घकालीन सेवा, प्रशासनिक दक्षता, सामाजिक प्रतिबद्धता एवं जनकल्याण के प्रति समर्पण को देखते हुए राजस्थान पीपीजेएमएस ग्रुप के अध्यक्ष जीएल यादव की अनुशंसा पर इस वर्ष का राजस्थान मानव सेवा सम्मान रत्न अवॉर्ड 2026 से नवाजा गया है।
.jpg)







