राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के खुदौली वन विहार के समीप अहिरों–परशुरामपुर मोड़ पर सोमवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गई जबकि उसका चचेरा भाई घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार नौली गांव निवासी कैलाश राजभर का 20 वर्षीय पुत्र चंदन अपने 16 वर्षीय चचेरे भाई नितेश (पुत्र नरेंद्र) के साथ बाइक से खुदौली स्थित गूजरताल पर मनरेगा कार्य में लगी अपनी मां धनौता देवी और चाची रीता देवी के लिए भोजन पहुंचाने जा रहा था।
इसी दौरान वन विहार के पास तेज रफ्तार से आ रही एक अपाची बाइक ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद अपाची बाइक सवार मौके से फरार हो गया। दुर्घटना में चंदन गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि नितेश को भी चोटें आईं। राहगीरों की सहायता से दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोंधी ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने चंदन को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार अपाची बाइक सवार की तलाश में जुटी हुई है।
.jpg)










