जौनपुर। जिलाधिकारी डा. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में उद्योग बंधु की बैठक हुई जहां उन्होंने उद्यमियों से संबंधित समस्याओं की समीक्षा करते हुये उनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिये। इस दौरान उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनपद में उद्योगों को बढ़ावा देना प्रशासन की प्राथमिकता है। उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनपद में निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार हो सके।
बैठक में उद्योग विभाग द्वारा औद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास के संबंध में जानकारी दी गई। इस दौरान निर्देश दिए गए कि जिन औद्योगिक क्षेत्रों/पार्कों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की व्यवस्था नहीं है, वहां इसे प्राथमिकता के आधार पर स्थापित कराया जाए। इसके साथ ही इंटरलॉकिंग, हाई मास्ट लाइट, सॉइल सपोर्ट सहित अन्य आवश्यक कार्यों को परियोजना में सम्मिलित करते हुए शीघ्र पूर्ण कराया जाय। उद्योग बंधु के सदस्यों द्वारा उठाई गई समस्याओं पर जिलाधिकारी द्वारा संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी प्रकरणों का नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाय। बैठक में विद्युत विभाग के एससी और एक्सईएन के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिये।
इस अवसर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, एसपी, सिटी आयुष श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानन्द झा, डिप्टी कमिश्नर इंडस्ट्री आशुतोष सहाय पाठक, असिस्टेंट कमिश्नर इंडस्ट्री जय प्रकाश, बैठक में उद्योग बंधु के पदाधिकारी, उद्यमीगण तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
.jpg)







