जौनपुर। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सम्प्रति चल रहे अर्हता 01.01.2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के अन्तर्गत 06.03.2026 तक दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि नियत है। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के अन्तर्गत 1 मार्च को विशेष अभियान की तिथि नियत की गयी है। इस विशेष अभियान की तिथि में बूथ लेविल आफिसर अपने संबंधित मतदेय स्थलों पर आलेख्य मतदाता सूची के साथ प्रातः 10.30 बजे से दोपहर 1 बजे तक उपस्थित रहकर दावे और आपत्तियां नोटिस वितरण एवं नोटिस सुनवाई का कार्य करेंगे।
उक्त विशेष अभियान की तिथि में समस्त सुपरवाइजर्स एवं अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं संबंधित बीएलओ की उपस्थिति सम्बन्धित मतदेय स्थलों पर सुनिश्चित करायेंगे। उक्त के अतिरिक्त विशेष अभियान की तिथि में जिला निर्वाचन अधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी तथा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा मतदेय स्थलों का भ्रमण किया जाएगा। समस्त व्यक्ति जिनका नाम मतदाता सूची में सम्मिलित नही है तो उनसे फार्म-6 (घोषणा-पत्र सहित) एवं 6ए भरवाये जाने का कार्य किया जायेगा। डबल/शिफ्टेड/ मृतक हेतु फार्म-7 एवं किसी प्रकार के प्रविष्टि में संशोधन या स्थान परिवर्तन हेतु फार्म-8 भरा जायेगा। आनलाइन पोर्टल ECINET Moble App एवं वेबसाइट के माध्यम से भी आवेदन किया जा सकता है। समस्त नागरिकों से अपील है कि उक्त विशेष अभियान की तिथि का अधिक से अधिक लाभ उठायें जिससे शत-प्रतिशत त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सके।
.jpg)






