- परिजन सहित अस्पताल परिसर में पसरा मातम
अरविन्द यादव
केराकत, जौनपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोभी में तैनात लैब टेक्नीशियन की बृहस्पतिवार की सुबह सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह रोज की तरह बाइक से ड्यूटी के लिए जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्यकर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। चंदौली जिले के धानापुर निवासी सुरपति नाथ (56 वर्ष) वर्तमान में जौनपुर शहर के भगवती कॉलोनी हुसैनाबाद में परिवार के साथ रहते थे।
वह लंबे समय से डोभी सीएचसी में लैब टेक्नीशियन पद पर कार्यरत थे। प्रतिदिन की भाँति बृहस्पतिवार की सुबह भी वह अपनी बाइक से ड्यूटी के लिए निकले थे। सुबह करीब 9 बजे केराकत बाजार के समीप पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोभी पहुँचाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतक सुरपति नाथ अपने पीछे पत्नी सुभागी देवी, दो बेटे एवं दो बेटियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही उनकी पत्नी, बेटे अविनाश नाथ और पुत्री पुष्पा नाथ अस्पताल पहुँचीं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। डोभी सीएचसी के सभी कर्मियों ने गहरा शोक व्यक्त किया और अस्पताल परिसर में माहौल गमगीन हो गया।
सूचना पाकर पहुँची केराकत पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी दीपेंद्र सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
.jpg)







