Jaunpur News: इण्टर कॉलेज गेट के बाहर असलहा लहराकर छात्र की पिटाई, सीसीटीवी वीडियो वायरल

Aap Ki Ummid
follow us

Jaunpur News: इण्टर कॉलेज गेट के बाहर असलहा लहराकर छात्र की पिटाई, सीसीटीवी वीडियो वायरल

अरविन्द यादव

केराकत, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र स्थित पब्लिक इंटर कॉलेज के गेट के बाहर सोमवार दोपहर उस समय अफरा—तफरी मच गई, जब छुट्टी के बाद बाहर निकल रहे एक छात्र को मनबढ़ दबंगों ने असलहे के बल पर बेरहमी से पीट दिया। घटना में 12वीं कक्षा का छात्र अंकित गिरी गंभीर रूप से घायल हो गया। असलहा लहराने और मारपीट की पूरी घटना कॉलेज परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार अंकित गिरी निवासी शहाबुद्दीपुर दोपहर की छुट्टी के बाद अपने पांच दोस्तों के साथ कॉलेज से बाहर निकला ही था कि पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उसे छात्रों की भीड़ से जबरन खींच लिया और मारपीट शुरू कर दी। जब अंकित के मित्र उसे बचाने आगे बढ़े, तभी एक दबंग युवक ने पिस्टल निकालकर चार्ज किया और अन्य छात्रों पर तान दी जिससे मौके पर भगदड़ मच गई। इसके बाद हमलावरों ने अंकित को ईंट-पत्थरों से बुरी तरह पीटा और घायल अवस्था में उसे पुलिया के नीचे फेंककर फरार हो गए। घटना के बाद कॉलेज परिसर व आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

पीड़ित छात्र अंकित गिरी ने बताया कि कॉलेज गेट पर पहुंचते ही शनि कुमार नामक युवक अपने चार अन्य अज्ञात साथियों के साथ आया और असलहे के बल पर धमकाते हुए उसकी पिटाई करने लगा। जब उसके साथी बीच-बचाव करने आए तो आरोपी ने पिस्टल हवा में लहराकर जान से मारने की धमकी दी। सूचना मिलते ही केराकत पुलिस मौके पर पहुंची और कॉलेज में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की तैयारी में जुटी है। दिनदहाड़े कॉलेज गेट के बाहर इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों व स्थानीय लोगों में घटना को लेकर रोष व्याप्त है और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।


 ads


ads

ads



ads


ads

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!