अरविन्द यादव
केराकत, जौनपुर। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने सोमवार की शाम को कोतवाली केराकत का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने थाना कार्यालय, अभिलेखों, मालखाना, हवालात, शस्त्रागार, सीसीटीवी कैमरा व्यवस्था, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, आगंतुक रजिस्टर, बीट बुक एवं विवेचनाधीन अभियोगों की प्रगति का बारीकी से अवलोकन किया। साथ ही जनसुनवाई व्यवस्था की स्थिति की भी समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने लंबित विवेचनाओं के शीघ्र, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि पीड़ितों के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा अपराधों की प्रभावी रोकथाम सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने वांछित एवं इनामी अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी, महिला अपराधों एवं साइबर अपराधों से जुड़े मामलों में त्वरित व प्रभावी कार्रवाई करने पर विशेष बल दिया। इसके अतिरिक्त एसपी ने अभिलेखों के अद्यतन रख-रखाव, थाना परिसर की स्वच्छता, अनुशासन एवं समयबद्ध ड्यूटी पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन से शालीन, मर्यादित एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने की हिदायत भी दी।
निरीक्षण के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने थाना क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर सतर्क निगरानी रखने, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखते हुए अफवाहों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक के इस औचक निरीक्षण से थाना स्टाफ में सतर्कता बढ़ी है और कानून-व्यवस्था को लेकर प्रशासन की सक्रियता स्पष्ट रूप से देखने को मिली।
.jpg)





