- कड़ाके की ठण्ड में कम्बल गरीबों के लिये बना सहारा
अरविन्द यादव
केराकत, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बसगीत गांव में रविवार को मानवता और सामाजिक सरोकार की सराहनीय मिसाल देखने को मिली। कड़ाके की ठंड को देखते हुए ग्राम प्रधान राम प्रसाद यादव उर्फ गुड्डु द्वारा असहाय एवं जरूरतमंद ग्रामीणों के बीच 475 उच्च गुणवत्ता वाले कंबलों का वितरण किया गया।
कंबल वितरण कार्यक्रम पूर्वाह्न लगभग सवा 11 बजे संपन्न हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्राधिकारी अजीत कुमार रजक उपस्थित रहे। उन्होंने भी ग्रामीणों को कंबल वितरित कर इस सामाजिक पहल की सराहना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरों पर राहत और खुशी साफ दिखाई दी। इस अवसर पर ग्राम प्रधान राम प्रसाद यादव ने कहा कि ठंड के मौसम में कोई भी गरीब या असहाय व्यक्ति ठिठुरने को मजबूर न हो, यही इस पहल का उद्देश्य है।
उन्होंने आगे भी समाजसेवा के ऐसे कार्य निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम में सपा नेता प्रधान रामसमुझ यादव, ग्राम प्रधान फूलचंद यादव, विजय बहादुर यादव, रामजनम यादव, अशोक विश्वकर्मा, बलिराम विश्वकर्मा, शशिकांत यादव, सखरज यादव सहित अनेक गणमान्य लोग एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने ग्राम प्रधान के इस पुनीत कार्य की प्रशंसा करते हुए इसे अनुकरणीय बताया। कंबल वितरण कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे समाजसेवी कार्यों से जरूरतमंदों को बड़ी राहत मिलती है और सामाजिक एकजुटता मजबूत होती है।
.jpg)





