Jaunpur News: कृषि कार्यों में तेजी लाने के लिये सीडीओ ने सिकरारा क्षेत्र के किसानों से किया संवाद

Aap Ki Ummid
follow us

Jaunpur News: कृषि कार्यों में तेजी लाने के लिये सीडीओ ने सिकरारा क्षेत्र के किसानों से किया संवाद

सौरभ सिंह

सिकरारा, जौनपुर। मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया ने मंगलवार को स्थानीय विकास खंड के विभिन्न गांवों में कृषि विभाग द्वारा संचालित क्लस्टर प्रदर्शनों, आधुनिक सिंचाई उपकरणों और बागवानी कार्यों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद किसानों से सरकारी योजनाओं के लाभ और कृषि कार्यों में आ रही समस्याओं पर सीधा संवाद किया। क्लस्टर प्रदर्शनों का निरीक्षण CDO खाड़िया ने निरीक्षण की शुरुआत में क्लस्टर प्रदर्शनों का जायजा लिया।

उन्होंने किसान जयनाथ सिंह और अजय यादव के खेतों में लगाए गए गेहूं क्लस्टर प्रदर्शन का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने फसल की गुणवत्ता, बुवाई की तकनीक और पैदावार की संभावनाओं के बारे में किसानों से जानकारी लिया। इसके उपरांत अजय यादव के खेत में चल रहे मटर प्रदर्शन को भी देखा और उन्नत बीजों के प्रयोग पर संतोष व्यक्त किया।

सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन प्रदर्शनों से मिलने वाले सकारात्मक परिणामों को आस—पास के अन्य किसानों तक पहुँचाया जाए, ताकि वे भी नवीनतम तकनीकों को अपनाकर अपनी आय बढ़ा सकें। आधुनिक कृषि तकनीक को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों के खेतों में स्थापित सरकारी योजनाओं के तहत लगे उपकरणों का भी निरीक्षण किया।

उन्होंने पोखरियापुर गांव में अनारा देवी पत्नी अनिल कुमार के खेत पर स्थापित सोलर पम्प का अवलोकन किया। उन्होंने पम्प के सफल संचालन और इससे सिंचाई में होने वाली सहूलियत के बारे में जानकारी लेते हुये कहा कि सोलर पम्प जल संरक्षण के साथ बिजली की खपत को कम करने में भी सहायक हैं।

इसके बाद वह विशुनपुर गाँव पहुँचे जहाँ उन्होंने किसान अनिल यादव की बागवानी का निरीक्षण किया। यहाँ उन्होंने खेत में लगे स्प्रिंकलर सेट (छिड़काव सिंचाई प्रणाली) की कार्यप्रणाली को देखा और किसानों से इस जल-बचत तकनीक को अपनाने का आग्रह किया। निरीक्षण के दौरान श्री खाड़िया ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विभागीय अधिकारी और तकनीकी प्रबंधक लगातार किसानों के संपर्क में रहें। योजनाओं का लाभ केवल कागजों पर नहीं, बल्कि वास्तव में जरूरतमंद किसानों तक पहुँचना चाहिए। उन्होंने उप कृषि निदेशक और जिला कृषि अधिकारी को निर्देशित किया कि वे तकनीकी कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करें और किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान कराएं।

इस अवसर पर उप कृषि निदेशक हिमांशु पाण्डेय, जिला कृषि अधिकारी विनय सिंह, अपर जिला कृषि अधिकारी रविंद्र पाल, जिला उद्यान अधिकारी, खंड विकास अधिकारी पवन प्रजापति, सहायक विकास अधिकारी कृषि सकल नारायण पटेल, ब्लॉक तकनीकी प्रबंधक राकेश मौर्य, सहायक तकनीकी प्रबंधक अजय यादव, प्रधान पोखरियापुर बृजेश, अतुल सहित क्षेत्र के अन्य प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।


 


ads


ads

ads



ads


ads

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!