- राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ने सभी से पूछा कुशल क्षेम
जौनपुर। अध्यक्ष डा. बबीता सिंह चौहान एवं सदस्य गीता बिन्द उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग ने कारागार जौनपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान सर्वप्रथम मुख्य द्वार पर पी०ए०सी० कम्पनी द्वारा अध्यक्ष को गार्ड ऑफ आनर देकर सलामी दी गयी। इसके बाद जेल अधीक्षक द्वारा अध्यक्ष एवं सदस्य को गुलदस्ता देकर स्वागत किया गया। इसके बाद अध्यक्ष ने कारागार में निरूद्ध महिला बन्दियों को साड़ी, शूट, चप्पल, फल, पुस्तकें, बिस्किट आदि वितरित किया जहां राष्ट्र सेविका समिति जौनपुर की अंजु सिंह का विशेष सहयोग रहा।
इसी क्रम में उन्होंने महिला बैरक के अहाते में आम के पौधे का रोपण किया। विशेष रूप से कारागार की साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं की प्रशंसा किया। महिला बन्दियों को कारागार द्वारा दी जा रही सुविधाओं के लिए प्रसन्नता व्यक्त की गयी। इस दौरान अध्यक्ष ने महिला बन्दियों को कारागार में पढ़ने, भजन कीर्तन व धर्म के अनुसार पूजा-पाठ करने के लिए प्रेरित किया जिससे उनके अन्दर अवसाद उत्पन्न न हो तथा उनके अन्दर सकारात्मक चिंतन का विकास हो सके।
इस दौरान जेल अधीक्षक पवन त्रिवेदी ने अध्यक्ष एवं सदस्य का धन्यवाद ज्ञापित करते हुये कहा कि आपने अपने व्यस्ततम समय में भी कारागार में निरूद्ध महिला बन्दियों का हाल-चाल लेने के लिए समय निकाला एवं कारागार में निरूद्ध महिला बन्दियों की समस्याओं को सुना। निरीक्षण के दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी, जेल चिकित्सक डा० विनय राव के साथ डा० अमरनाथ पाण्डेय चेयरमैन अकिंचन फाउण्डेशन, अध्यक्ष प्रमोद शुक्ला, पंकज सिंह, पंकज पाण्डेय, अमित पाण्डेय, प्रियंका पाण्डेय के साथ सुषमा शुक्ला उप कारापाल, पूनम मिश्रा, चिंता देवी महिला जेल वार्डर, रेनू जायसवाल सहायक शिक्षाध्यापिका भी उपस्थित रहीं।
.jpg)






