- विवि के स्थापना दिवस एवं गांधी जयन्ती पर 20 उत्कृष्ट कर्मी किये गये सम्मानित
सरायख्वाजा, जौनपुर। पूर्वांचल विश्वविद्यालय में विवि के स्थापना दिवस एवं महात्मा गांधी जयंती पर आर्यभट्ट सभागार में समारोह हुआ जहां उत्कृष्ट कार्य करने वाले कुल 20 कर्मचारियों को कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने सम्मानित किया। यह सम्मान उत्तर प्रदेश के राज्यपाल सचिवालय के निर्देशानुसार आयोजित 'सेवा पखवाड़ा' कार्यक्रमों के अंतर्गत प्रदान किया गया।
पूविवि के 38वें स्थापना दिवस पर कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय पूर्वांचल क्षेत्र में शिक्षा, शोध और सामाजिक उत्तरदायित्वों के क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्माण कर रहा है। विश्वविद्यालय की गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालन में कर्मचारियों की बड़ी भूमिका है। उन्होंने सम्मानित होने वाले सभी कर्मचारियों को बधाई दिया।
सम्मानित होने वाले कर्मियों में प्रशासनिक अधिकारी नीता गुप्ता, जितेन्द्र शर्मा, हरिश्चंद्र मौर्य (अवकाशप्राप्त), कनिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत नीलम सिंह, अनिल सिंह, राहुल पाण्डेय, संदीप सिंह, राघवेन्द्र गोपाल, प्रेमशंकर पाण्डेय और उबैद अहमद हैं। साथ ही राजकुमार शुक्ला, अंजनी तिवारी, विजय यादव, राम शरण यादव, शांति प्रकाश मिश्र, शिवनंदन यादव, मोती, बिमला, राजेश कुमार और मो. रफीक अहमद सम्मानित किये गये। इस प्रकार कुल 20 उत्कृष्ट कर्मियों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मान प्रदान कर विश्वविद्यालय ने उनके कार्यों की सराहना की गयी।
बता दें कि विश्वविद्यालय की स्थापना 2 अक्टूबर 1987 को हुई थी। पूविवि की 38 वर्षों की यात्रा में नैक ए प्लस ग्रेड के साथ बहुत सारी उपलब्धियां हासिल की हैं। कुलपति समेत अधिकारियों ने स्थापना दिवस एवं गांधी जयंती पर गांधी वाटिका में महात्मा गांधी के मूर्ति पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। साथ ही लाल बहादुर शास्त्री के जन्मदिवस पर उन्हें भी अपना श्रद्धा सुमन अर्पित किया। वीर बहादुर सिंह के प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किया गया। विश्वविद्यालय के कर्मचारी ने राम धुन की प्रस्तुति किया।
कुलसचिव केश लाल ने कहा कि विश्वविद्यालय के विकास में सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सभी मिल-जुलकर विश्वविद्यालय आगे बढ़ाये। परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद सिंह ने कहा कि सभी सत्यनिष्ठा और कर्मठता के साथ अपने उत्तरदायित्व का निर्वहन कर विश्वविद्यालय प्रगति पथ पर आगे ले जायं। अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. प्रमोद यादव ने सबका स्वागत किया। विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय कैडेट कोर के कैडेट्स द्वारा संस्कार स्वच्छ, स्वभाव स्वच्छ: सशक्त एवं समर्थ समाज का आधार" विषय पर अदिति मिश्र एवं अंशिका राय द्वारा भाषण दिया गया। इसके अतिरिक्त गोल्डी यादव एवं जयस आर्य द्वारा गांधी जी के कृतित्व एवं विचारों पर कविता पाठ किया गया।
कैडेट्स ने अपने भाषण में कहा कि हमें स्वच्छता को सिर्फ शारीरिक सफाई से आगे बढ़कर, चरित्र, मूल्यों और व्यवहार में भी शामिल करने पर जोर देना चाहिए। स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाकर, हम न केवल स्वस्थ समाज का निर्माण करते हैं, बल्कि एक मजबूत, जिम्मेदार नागरिक के रूप में समाज को आगे बढ़ाते हैं। इसके लिए हमें व्यक्ति, परिवार और समुदाय स्तर पर मिलकर प्रयास करना होगा, ताकि स्वच्छता का सही अर्थ समाज के हर हिस्से तक पहुँच सके।
इस अवसर पर प्रो. देवराज सिंह, प्रो. राजेश शर्मा, प्रो. संतोष कुमार, प्रो. गिरिधर मिश्र, प्रो. अजय प्रताप सिंह, प्रो. संदीप सिंह, प्रो. प्रदीप कुमार, प्रो. मिथिलेश सिंह, प्रो. राजकुमार, प्रो. राम नारायण, डॉ. प्रमोद कुमार, डॉ. अमरेन्द्र सिंह, डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर, डॉ. मनीष गुप्ता, उप कुलसचिव अजीत सिंह, बबीता सिंह, रमेश यादव समेत विश्वविद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. नितेश जायसवाल ने किया। अन्त में आयोजन सचिव व राष्ट्रीय कैडेट कोर के प्रभारी डॉ. मनोज पाण्डेय ने आभार जताया।