- राम दरबार की आरती के लिये भक्तों का उमड़ा रेला
फहद खान
शाहगंज, जौनपुर। स्थानीय नगर की ऐतिहासिक रामलीला मंचन का भव्य शुभारंभ हुआ। श्रीराम दरबार की भव्य आरती की गई। वृंदावन के कलाकारों द्वारा मधुर भजनों की प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि ज्योतिषाचार्य डॉ. अवनीश सिंह व क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान रहे। संचालन फिरतु राम यादव ने किया। आभार अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल ने जताया।
नगर के गांधीनगर कलेक्टरगंज स्थित रामलीला मंच पर आतिशबाजियों के बीच पूरे हर्षोल्लास के साथ ऐतिहासिक रामलीला का भव्य शुभारंभ किया गया। अतिथियों, संरक्षकगण, पूर्व अध्यक्षों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं सहित भारी संख्या में उपस्थित रामभक्तों ने पूरे भक्ति भाव से राम दरबार की भव्य आरती की। वहीं अतिथियों का माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया गया।
वृंदावन से आई आदर्श रासेश्वरी रामलीला मंडली के कलाकारों द्वारा महाराजा दशरथ विराग, वशिष्ठ संवाद, राज्याभिषेक की तैयारी, वशिष्ठ राम संवाद, देवताओं द्वारा सरस्वती स्तुति की लीलाओं का आकर्षक मंचन प्रस्तुत किया गया। वहीं मंडली कलाकारों द्वारा जनकपुर उत्सव है भाई, यही जन्म भूमि है परम पूज्य श्रीराम की आदि मधुर भजनों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुति की गई। यह देखकर श्रोतागण भाव—विभोर हो उठे। गगनचुम्बी जयकारों से क्षेत्र गुंजायमान रहा।
इस अवसर पर जवाहर लाल अग्रहरि, इंदुनाथ पाण्डेय, ओम प्रकाश मोदनवाल, कैलाशनाथ जायसवाल, हरकचंद जायसवाल, पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि वीरेंद्र सिंह, निशाकांत जायसवाल, प्रदीप जायसवाल, ईओ प्रदीप गिरी, प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।
बता दें कि मंचन व मेले की तैयारियों में विगत महीने भर से पूरे उत्साह के साथ समिति के कार्यकर्ता लगे हैं। इस वर्ष की रामलीला 17 सितम्बर से शुरू होकर 6 अक्टूबर को विश्राम होगी। इस दौरान नगर में विभिन्न स्थानों पर विभिन्न चरणों में मंचन, रामरथ नगर भ्रमण व शोभायात्राएं संपन्न होंगी। दो अक्टूबर को होने वाले दशहरा मेले में भव्य रामरथ व पश्चिम बंगाल के कलाकारों द्वारा बनाए जा रहे 80 फुट लम्बा रावण का पुतला आकर्षण का केंद्र रहेगा। वहीं 3 अक्टूबर को देर रात भव्य भरत मिलाप मेले का आयोजन शुरू होगा जो अगले दिन श्रीराम व भ्राता भरत के मिलन की मनमोहक लीला के साथ संपन्न होगा। छः अक्टूबर को शिकार लीला व पुरस्कार वितरण के साथ मंचन का विश्राम होगा।