Jaunpur News: डीएम—एसपी ने धान क्रय केन्द्र का किया निरीक्षण, दिया निर्देश

Aap Ki Ummid
follow us
Jaunpur News: डीएम—एसपी ने धान क्रय केन्द्र का किया निरीक्षण, दिया निर्देश


विकास यादव

बक्शा, जौनपुर। शासन की मंशानुरूप किसानों को उनकी उपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य उपलब्ध कराने तथा धान खरीद व्यवस्था को प्रभावी एवं पारदर्शी बनाये रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने पुलिस अधीक्षक डा0 यशवीर सिंह के साथ क्रय संस्था पी0सी0एफ0 के स्थानीय विकास खण्ड के अन्तर्गत धान क्रय केन्द्र बी0पैक्स चुरामनपुर का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के समय केन्द्र पर धान खरीद हेतु आवश्यक व्यवस्थायें पूर्ण पायी गयीं किन्तु केन्द्र पर अब तक केवल 01 किसान से कुल 10.00 कुन्तल धान क्रय किया जाना पाया गया। धान खरीद की अत्यन्त धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी द्वारा कड़ी नाराजगी व्यक्त की गयी तथा इसे शासन की मंशा के विपरीत मानते हुये सम्बन्धित केन्द्र प्रभारी तथा क्रय संस्था पीसीएफ के जिला प्रबन्धक का तत्काल स्पष्टीकरण प्राप्त किये जाने हेतु जिला खाद्य विपणन अधिकारी को निर्देशित किया गया।

जिलाधिकारी द्वारा स्पष्ट निर्देश दिये गये कि धान खरीद में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जायेगी। सभी क्रय केन्द्र प्रभारी किसानों से निरन्तर संपर्क स्थापित करते हुये केंद्र पर आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित करें तथा प्रतिदिन केन्द्र पर समय से उपस्थित होकर शासन द्वारा निर्धारित मानकों एवं क्रय नीति के अनुरूप किसानों से धान खरीद में तेजी लायें जिससे किसानों को अपनी उपज विक्रय करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिलाधिकारी ने धान खरीद कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाये जाने पर सम्बन्धित कार्मिक का उत्तरदायित्व निर्धारित किये जाने हेतु सचेत किया। उल्लेखनीय है कि जनपद में 20 नवम्बर तक विभिन्न क्रय केन्द्रों पर कुल 253 किसानों से 1233.78 मी0टन धान खरीद की जा चुकी है। धान विक्रय हेतु अब तक 4492 किसानों द्वारा पंजीकरण कराया गया है जिसके सापेक्ष 2431 किसानों का सत्यापन हो चुका है।

सभी किसान बंधुओं से अपील है कि अपना धान, राजकीय धान क्रय केन्द्रों पर ही विक्रय करें तथा इस हेतु खाद्य विभाग की वेबसाइट fcs.up.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण कराने का कष्ट करें। उक्त कार्य में किसी भी प्रकार की कठिनाई होने पर कार्यालय जिला खाद्य विपणन अधिकारी  में स्थापित कन्ट्रोल रूम (दूरभाष सं0-05452-350857) अथवा अपने निकटवर्ती धान क्रय केन्द्र पर सम्पर्क कर निराकरण कराया जा सकता है।



ads

ads

ads

ads

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!