अजय पाण्डेय
जौनपुर। मजदूरों, कामगारों और श्रमिकों के अधिकारों एवं सम्मान को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी रणनीति तेज कर दी है। शनिवार को समाजवादी पार्टी जौनपुर एवं समाजवादी मजदूर सभा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रेस वार्ता में मजदूरों के हितों के लिए विस्तृत रोडमैप प्रस्तुत किया गया। समाजवादी मजदूर सभा के राष्ट्रीय संयोजक एवं पूर्व एमएलसी शशांक यादव, राष्ट्रीय सचिव एवं प्रभारी रामगोपाल पुरी तथा प्रदेश अध्यक्ष धन्नी लाल श्रमिक ने भाजपा सरकार की नीतियों पर निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा सरकार में मजदूरों, कामगारों और गरीब परिवारों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं।
नेताओं ने कहा कि मजदूर देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उनके परिश्रम और योगदान के बिना विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। इसके बावजूद मजदूरों को उनके श्रम के अनुरूप सम्मान, उचित पारिश्रमिक और सामाजिक सुरक्षा नहीं मिल पा रही है। समाजवादी पार्टी मजदूरों के अधिकारों, रोजगार और सम्मान की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाएगी।
प्रेस वार्ता में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर मजदूरों के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं को प्राथमिकता देने का खाका पेश किया गया। इसमें न्यूनतम वेतन का स्थायी निर्धारण, मजदूरों को रोजगार की गारंटी, संविदा एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को नियमित करने की दिशा में ठोस पहल, मजदूर परिवारों के लिए राशन और आवास की व्यवस्था, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा, मनरेगा में रोजगार की गारंटी तथा छोटे उद्योगों और कामगारों को आर्थिक सहायता देने जैसे मुद्दे शामिल रहे।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राज बहादुर यादव, पूर्व विधायक श्रद्धा यादव, प्रदेश सचिव सुशील दुबे, पूर्व प्रमुख जयंती यादव, प्रभानंद यादव, राजनाथ यादव, अनवारूल हक, लाल मोहम्मद राइनी, नाजिम अली, महेंद्र प्रताप यादव, इरशाद मंसूरी, राजेंद्र यादव टाइगर, अवधेश पटेल, गुलाब यादव, अजय मौर्य, निजामुद्दीन अंसारी, राष्ट्रीय सचिव जगदीश प्रसाद मौर्य गप्पू, डॉ. जंग बहादुर यादव, मजदूर सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनंद पांडेय, जिलाध्यक्ष मनोज शर्मा, महासचिव विशाल कन्नौजिया, रवि यादव, वीरेंद्र यादव आदि उपस्थित रहे।
जनपद आगमन पर राष्ट्रीय नेताओं का जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य सहित अन्य पदाधिकारियों ने बुकें भेंट करते हुये माल्यार्पण करके स्वागत किया। प्रेस वार्ता के बाद राष्ट्रीय नेताओं ने कार्यशाला आयोजित कर पदाधिकारियों को मजदूरों और कामगारों को समाजवादी मजदूर सभा से जोड़ने तथा उनके अधिकारों के लिए संघर्ष को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया। इसके बाद जमालापुर स्थित मड़ियाहूं विधानसभा क्षेत्र में मजदूर सभा के प्रदेश सचिव महेंद्र माली के कार्यालय का उद्घाटन किया गया। तत्पश्चात मजदूरों के हितों को लेकर पीडीए पंचायत हुई जहां मजदूरों, कामगारों और आमजन से समाजवादी पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा से जुड़ने की अपील की गई। कार्यक्रम का संचालन समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव आरिफ हबीब ने किया।
.jpg)




