हेड मोहर्रिर के खिलाफ एसपी से की गयी शिकायत
मास्टर रोल में हेराफेरी करके हाजिरी काटने एवं वेतन कटवाने का भी आरोप
सोनू गुप्ता
रामपुर, जौनपुर। स्थानीय थाने में तैनात रहे एक पीआरडी जवान ने अखबार के 5 माह के बकाया भुगतान की मांग करने पर थाने के हेड मोहर्रिर पर धमकी देने और ड्यूटी रजिस्टर में हेराफेरी करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक जौनपुर को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सुरेरी थाना क्षेत्र के नूरपुर गांव निवासी त्रिलोकी नाथ पुत्र स्व. श्रीपति के अनुसार अक्टूबर 2026 में उनकी तैनाती रामपुर थाने में थी। वह रात्रि ड्यूटी के साथ दिन में थाने पर अखबार वितरण का कार्य भी करते थे। उनका आरोप है कि जून से अक्टूबर 2026 तक नियमित रूप से अखबार उपलब्ध कराने के बावजूद पांच माह का भुगतान नहीं किया गया।
पीड़ित का आरोप है कि बकाया रकम मांगने पर रामपुर थाने के हेड मोहर्रिर दीवान मनोज सिंह लगातार भुगतान टालते रहे। दोबारा पैसे मांगने पर कथित रूप से धमकी देते हुए कहा गया कि अखबार का पैसा मांगना भारी पड़ेगा।
त्रिलोकी नाथ ने आरोप लगाया कि इसके बाद उनके मास्टर रोल से एक दिन की हाजिरी काटकर उन्हें अनुपस्थित दर्शा दिया गया, जिससे उनका वेतन भी कट गया। वहीं दूसरे पीआरडी जवान को पूरे 31 दिन उपस्थित दिखाए जाने पर भी उन्होंने सवाल उठाए हैं। पीड़ित ने अपने आरोपों के समर्थन में ड्यूटी रजिस्टर की छायाप्रति भी पुलिस अधीक्षक को सौंपी है। उन्होंने एसपी से मास्टर रोल और ड्यूटी रजिस्टर की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने तथा पांच माह के अखबार का बकाया भुगतान दिलाने की मांग किया है।
इस संबंध में रामपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि संबंधित पीआरडी जवान का वेतन अनुपस्थित होने के कारण कटा है। अखबार का भुगतान पूर्व थानाध्यक्ष के कार्यकाल का भी बकाया हो सकता है जिसकी जांच कराई जाएगी। अब देखना होगा कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और पीड़ित को बकाया भुगतान मिल पाता है या नहीं।
.jpg)




