Jaunpur News: सड़क हादसों में 18 से 34 वर्ष के युवाओं की हिस्सेदारी 60 प्रतिशत: सुनील चन्द्र

Aap Ki Ummid
follow us
Jaunpur News: सड़क हादसों में 18 से 34 वर्ष के युवाओं की हिस्सेदारी 60 प्रतिशत: सुनील चन्द्र


25 साल की परवरिश, 25 मिनट की लापरवाही और उजड़ जाता है परिवार

राकेश शर्मा

खेतासराय, जौनपुर। सड़क पर दौड़ते वाहनों के बीच जरा-सी लापरवाही किसी परिवार की खुशियां छीन सकती है। हेलमेट, सीट बेल्ट जैसे सुरक्षा उपाय केवल यातायात नियम नहीं, बल्कि जीवन बचाने का मजबूत कवच हैं। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को सर्वोदय इंटर कॉलेज खुदौली में यातायात जागरूकता कार्यक्रम किया गया।

जनपद के यातायात विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि यातायात क्षेत्राधिकारी सुनील चंद्र तिवारी रहे। उन्होंने विद्यालय परिसर में मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद प्रकाश स्तंभ में स्थापित अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद और विद्यालय के संस्थापक प्रधानाचार्य स्वर्गीय केशव प्रसाद उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किये।

कार्यक्रम में छात्राओं ने कविता, भाषण और गीतों के माध्यम से यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया। वहीं रंगोली के जरिए भी सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया। छात्राओं की प्रस्तुतियों ने सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी का भाव जगाया।

यातायात निरीक्षक राजेश सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं के मामले में उत्तर प्रदेश के 20 जिलों में जौनपुर 17वें स्थान पर है। सड़क हादसों में 18 से 34 वर्ष आयु वर्ग के लोगों की हिस्सेदारी लगभग 60 प्रतिशत है। यह आंकड़ा युवाओं को यातायात नियमों के प्रति विशेष रूप से जागरूक करने की जरूरत बताता है।

मुख्य अतिथि सुनील चंद्र तिवारी ने कहा कि दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करना चाहिए। नशे की हालत में वाहन चलाने और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए। सड़क पर लगे यातायात संकेतों और नियमों का भी कड़ाई से पालन करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनकी शिक्षा और भविष्य की प्रगति पर चर्चा किया। साथ ही उन्हें संस्कारवान बनने और जिम्मेदार नागरिक के रूप में समाज में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

अन्त में प्रधानाचार्य दिनेश गुप्ता ने मुख्य अतिथि एवं यातायात विभाग की टीम का माल्यार्पण करके स्वागत करते हुये आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन अनिल यादव ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



ads

ads

ads


ads

ads

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!