यूट्यूब पर विज्ञापन देखकर गोवंश खरीदने के लिये किया था सम्पर्क
डा. प्रदीप दूबे
सुइथाकला, जौनपुर। गाय खरीदने के नाम पर ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। ऊंचगांव निवासी तिलकधारी सिंह से राजस्थान निवासी एक व्यक्ति ने गाय भेजने का झांसा देकर अलग-अलग किस्तों में कुल 1,42,607 रुपये ऐंठ लिये। पीड़ित की तहरीर पर सरपतहां पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पीड़ित के अनुसार गाय खरीदने के लिए यूट्यूब पर एक वीडियो देखकर राजस्थान के जयपुर निवासी रूपेश कुमार से संपर्क किया। आरोप है कि 7 अक्टूबर 2026 को उसने एडवांस के नाम पर 5 हजार रुपये मंगाये। इसके बाद गाय की कीमत 25 हजार रुपये तय करते हुए अन्य सामान और चटाई के नाम पर 10,600 रुपये मांगे। 8 अक्टूबर को गाय भेजने का आश्वासन दिया गया लेकिन बाद में ट्रक में गाय लादने और रास्ते में जांच होने का हवाला देकर लगातार रुपये की मांग की गई।
आरोप है कि इस तरह अलग-अलग बहाने बनाकर कुल 1,42,607 रुपये ले लिए गए। ट्रक के लखनऊ पहुंचने पर खराब होने की बात कही गई। आरोपित ने गाय का दूध निकालते हुए फोटो भी भेजा और 10 अक्टूबर तक रुपये वापस करने का आश्वासन दिया लेकिन न गाय पहुंची और न ही रकम वापस मिली। पीड़ित ने 13 अक्टूबर को साइबर सेल हजरतगंज लखनऊ में भी शिकायत की थी।इस संबंध में थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि आरोपित के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
.jpg)




