Jaunpur News: जय श्रीराम जयघोष से गूंजा शाहगंज, चारों भाइयों का मिलन देख भाव—विभोर हुये श्रद्धालु

Aap Ki Ummid
follow us
Jaunpur News: जय श्रीराम जयघोष से गूंजा शाहगंज, चारों भाइयों का मिलन देख भाव—विभोर हुये श्रद्धालु




ऐतिहासिक भरत मिलाप में पुष्पवर्षा एवं आतिशबाजी से हुआ स्वागत

आकर्षक पुष्पक विमान सहित भव्य झांकियों ने लोगों का मोहा मन

चन्दन अग्रहरि

शाहगंज, जौनपुर। मर्यादा, प्रेम, त्याग और भाईचारे का अनुपम संदेश देने वाला नगर का ऐतिहासिक भरत मिलाप बीती रात शुरू होकर गुरुवार की सुबह पुराना चौक पर संपन्न हुआ। भगवान श्रीराम के वनवास से लौटने और चारों भाइयों के मिलन की भावपूर्ण लीला को देखने के लिए नगर में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। जैसे ही भगवान श्रीराम का पुष्पक विमान नगर भ्रमण करते हुए पुराना चौक पहुंचा और चारों भाइयों का मिलन हुआ, पूरा वातावरण जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। इस भावुक दृश्य को देखकर श्रद्धालु हर्षित हो उठे। लोगों ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया। वहीं आतिशबाजी और जयघोष के बीच श्रद्धा व उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। नगर में भरत मिलाप की तैयारियां आकर्षक सजावट और मनमोहक झांकियों के साथ की गई थीं। भगवान श्रीराम का भव्य पुष्पक विमान संगत की मंदिर से निकला। इसके बाद नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए विमान गुरुवार की सुबह पुराना चौक पहुंचा। पूरी रात नगर में धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा। भगवान श्रीराम और उनके भाइयों के मिलन की प्रतीक्षा कर रहे लोगों के चेहरे पर उत्सुकता और उल्लास साफ झलक रहा था। जैसे ही मिलन का दृश्य सामने आया, श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के उद्घोष के साथ अपनी प्रसन्नता व्यक्त किया।

पुष्पक विमान की अनूठी सजावट बना आकर्षण का केन्द्र

भरत मिलाप में भगवान श्रीराम का पुष्पक विमान अपनी अनूठी सजावट के कारण आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। विमान को विशेष रूप से कछुए की आकृति पर तैयार किया गया था। इसमें भगवान विष्णु को गरुड़ देव पर विराजमान होकर पुष्पक विमान को खींचते हुए दर्शाया गया जबकि भगवान शिव आशीर्वाद देते हुए दिखाई दिए। धार्मिक आस्था और कलात्मक सजावट से सुसज्जित इस विमान को देखने के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह रहा। नगर भ्रमण के दौरान लोगों ने झांकियों के दर्शन कर भगवान के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त किया।

आरती, बैण्ड एवं कीर्तन ने बांधा समां

पुष्पक विमान के जेसीज चौक पहुंचने पर अतिथियों ने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम, माता सीता और भ्राता लक्ष्मण की आरती उतारी। इस दौरान श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। विमान के आगे  खूनी, भालू के वेश में सजे कलाकार श्रद्धालुओं के बीच पहुंचे और अपनी प्रस्तुतियों से लोगों का मनोरंजन किया। अंग्रेजी बैंड और देसी बैंड पार्टी की मधुर धुनों ने आयोजन में उत्साह का रंग भर दिया। वहीं कीर्तन मंडली ने ‘राम जी तिहारो चरित्र मनोरथ का गावत सकल अवध भारती’ कीर्तन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। धार्मिक धुनों और भक्ति गीतों से वातावरण देर तक गूंजता रहा। स्थानीय कलाकारों द्वारा बहुत ही आकर्षक लाख की भी प्रस्तुति की गई जो सभी लोगों को सामाजिक वह धार्मिक संदेश देता हुआ दिखाई दिया।

मां दुर्गा का शोभा रथ भी रहा आकर्षक

भरत मिलाप की शोभायात्रा में भगवान श्रीराम के पुष्पक विमान के पीछे मां दुर्गा का भव्य शोभा रथ भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा। आकर्षक साज-सज्जा से सुसज्जित रथ के दर्शन के लिए लोग उत्साहित दिखे। नगर भ्रमण के दौरान विभिन्न स्थानों पर झांकियों का स्वागत किया गया। पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था, सामाजिक सहभागिता और पारंपरिक उत्सव का सुंदर दृश्य देखने को मिला। रामलीला समिति के अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित ऐतिहासिक भरत मिलाप श्रद्धा, उल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।




ads

ads

ads

ads

ads

ads

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!