Jaunpur News: प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण का हुआ शुभारम्भ

Aap Ki Ummid
follow us
Jaunpur News: प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण का हुआ शुभारम्भ


जौनपुर। भारत की जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के अर्न्तगत प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण का शुभारम्भ टीडी बालिका इण्टर कालेज में प्रमुख जनगणना अधिकारी/जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने दीप प्रज्ज्वलित करते हुये फीता काटकर किया।

प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना से संबंधित प्रक्रियाओं, दायित्वों एवं आवश्यक तैयारियों के प्रति संबंधित अधिकारियों और कार्मिकों को जागरूक करना तथा जनगणना कार्य को सुचारु, व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से सम्पन्न कराने के लिये आवश्यक जानकारी प्रदान करना है।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश के सामाजिक, आर्थिक और विकासात्मक नियोजन का महत्वपूर्ण आधार है। इससे प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यक्रमों की रूप—रेखा तैयार होती है। ऐसे में गणना कार्य में शुद्धता, पारदर्शिता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है।

जिलाधिकारी ने समस्त प्रगणक व पर्यवेक्षको को निर्देश दिया कि प्रशिक्षण में दी जा रही जानकारी को गंभीरता से समझें और किसी भी प्रकार की समस्या या शंका होने पर संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर उसका समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये। अपर मुख्य जनगणना अधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी नरेन्द्र बहादुर सिंह एवं जिला जनगणना अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) परमानन्द झा के मार्ग दर्शन में तहसील शाहगंज एवं बदलापुर में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षको के प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

प्रशिक्षण कार्यक्रम जनपद के समस्त 18 चार्जों में कुल मिलाकर 10500 से अधिक प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों को 220 से अधिक बैचों में आयोजित करते हुए प्रशिक्षित किये जाने का लक्ष्य 24 अक्टूबर से 71 बैच का प्रशिक्षण प्रारम्भ होकर दीपावली से पूर्व समस्त 220 बैचों का प्रशिक्षण पूर्ण किया जाना निर्धारित है जिसके लिये जनपद के 4 मास्टर ट्रेनर्स एवं 156 फील्ड ट्रेनर्स की टीम प्रशिक्षित होकर उक्त कार्यक्रम के लिए तैयार किये गये है जिसमें जनपद के समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारी को इनके साथ समन्वय स्थापित करते हुए समस्त तहसील के उपजिलाधिकारी को नोडल नियुक्त किया गया है।

तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान जनगणना की प्रक्रियाओं, प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के दायित्वों, आवश्यक तैयारियों, आंकडों के संकलन, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी प्रदान की जा रही है। प्रशिक्षण के माध्यम से संबंधित कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत कराते हुए जनगणना कार्य की गुणवत्ता, शुद्धता एवं प्रभावशीलता सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।

जनगणना-2027 के लिए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार स्व-गणना 16 से 30 नवम्बर तक आयोजित की जाएगी। इसके पश्चात 1 दिसम्बर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनसंख्या गणना का कार्य संचालित होगा। वहीं 5 से 9 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण दौर आयोजित किया जाएगा। इन महत्वपूर्ण चरणों को निर्धारित समय-सारिणी के अनुरूप संपन्न कराने के लिए प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। “हमारी जनगणना, हमारा विकास” के संदेश के साथ आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम राष्ट्रीय विकास में जनगणना की महत्ता को रेखांकित करता है।

कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी सदर योगिता सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद धर्मराज राम सहित अन्य अधिकारीगण एवं संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।

ads

ads

ads

ads

ads

ads

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!