अतुल जायसवाल
रामपुर, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के ग्राम पंचायत राघवरामपट्टी के आंगनवाड़ी केंद्र पर ग्राम प्रधान गुड्डी देवी पत्नी संतोष पाण्डेय के नेतृत्व में चौपाल लगाई गई। ग्रामीणों को महात्मा गांधी के जीवन परिचय, उनके कार्यों और सत्य एवं अहिंसा के सिद्धांतों के बारे में जानकारी दी गई। ग्राम पंचायत के लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुनकर उनके समाधान को लेकर चर्चा की गई। ग्राम प्रधान ने गांधी जी के आदर्शों को अपनाने और समाज में आपसी सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया।
वहीं प्राथमिक विद्यालय राघोरामपट्टी में प्रधानाध्यापक संजय मिश्रा ने महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने विद्यार्थियों को गांधी जी के जीवन संघर्ष, स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी भूमिका और देश के प्रति उनके योगदान के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले अन्य क्रांतिकारियों के जीवन और उनके बलिदान से भी बच्चों को परिचित कराया।
कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों और ग्रामीणों को देशभक्ति, सत्य, अहिंसा तथा सामाजिक एकता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर संतोष पाण्डेय, राकेश पाठक, सुनील ओझा, राना कौशिक सहित ग्राम पंचायत के अनेक लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में गांधी जी के विचारों को आत्मसात करने का आह्वान किया गया।
.jpg)





