जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में पीएम स्वनिधि एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी की समीक्षा और नगर निकायों के विभिन्न कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा करते हुए सभी निकायों के अधिशासी अधिकारी एवं बैंकर्स को निर्देशित किया गया कि प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय ऋण के बैंकों में लम्बित 1318 आवेदन पत्रों को 12 अक्टूबर तक अनिवार्य रूप से निस्तारित कराते हुए वेंडरों को ऋण उपलब्ध कराकर मुझे अवगत करायें।
अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रथम ऋण हेतु 2793, द्वितीय ऋण हेतु 1700 एवं तृतीय ऋण हेतु 89 वेण्डरों का आवेदन कराना सुनिश्चित करें। साथ ही क्रेडिट कार्ड के 961 आवेदन भी करायें जिससे कि लक्ष्य की पूर्ति हो सके और प्रदेश में जनपद की स्थिति बेहतर हो सके। पीएम स्वनिधि योजना में प्रोफाइलिंग कार्य की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि लम्बित 2835 वेण्डरों एवं उनके परिवार के सदस्यों का प्रोफाइलिंग कार्य प्रत्येक दशा में पूर्ण करायें।
प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी की समीक्षा में जिलाधिकारी ने नगर निकाय पर पात्रता जॉच हेतु 14724 आवेदन लम्बित पाये जाने पर उन्होनें सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि माह नवम्बर 2026 तक प्रत्येक दशा में निकाय स्तर पर लम्बित आवेदनों के आवेदको का पात्रता सत्यापन एवं योजना के यूनिफाइल वेब पोर्टल पर उनका वेरीकेशन करते हुए तत्सम्बन्धी प्रमाण पत्र डूडा विभाग में उपलब्ध करायें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही अक्षम्य होगी। जिलाधिकारी ने स्वीकृत आवासों के सापेक्ष प्रथम चरण का जियोटैग एक सप्ताह के भीतर पूर्ण कराये जाने के निर्देश भी दिये।
इसके उपरांत नगर निकायों में विकास कार्यों एवं व्यवस्थाओं की जिलाधिकारी ने नगर निकायों में संचालित विभिन्न विकास कार्यों एवं आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा बैठक की गई। बैठक में निर्माण कार्यों की प्रगति, भुगतान की स्थिति, साफ-सफाई व्यवस्था सहित अन्य बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर निकायों में संचालित निर्माण कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए। लंबित भुगतान की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नगर क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाए जाने तथा नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने महापुरुषों की प्रतिमाओं पर समुचित प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नगर क्षेत्र की सड़कों को गड्ढामुक्त किए जाने के लिए अभियान चलाकर आवश्यक कार्यवाही करने को कहा। नगर निकायों में व्यवस्थित वेंडिंग जोन विकसित किए जाने तथा आवश्यक स्थानों पर संकेतक बोर्ड लगाए जाने के भी निर्देश दिये जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु रहने के साथ-साथ आमजन को भी सुविधा मिल सके।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि कुछ अराजक तत्वों द्वारा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से शाहीपुल की भ्रामक वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर भ्रम की स्थिति उत्पन्न करने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे मामलों की निगरानी करते हुए तथ्यात्मक जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध आईटी एक्ट एवं प्रचलित विधिक प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाय। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर निकायों से संबंधित कार्यों एवं व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाय। बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट, एलडीएम हर्षमान कुमार, अधिशासी अधिकारी धर्मराज राम, शहर मिशन प्रबन्धक डूडा जितेन्द्र सिंह सहित तमाम अधिकारी उपस्थित रहे।
.jpg)





