आभूषण, सिलाई मशीन, गैस सिलेंडर सहित 10 हजार नगद बरामद
तेजस टूडे सं.
डा. प्रदीप दूबे
सुइथाकला, जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र में नकबजनी और चोरी की 3 घटनाओं का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी के आभूषण, घरेलू उपयोग के सामान के साथ 10 हजार रुपये नकद बरामद किये हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिये चलाये जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को सरपतहां पुलिस ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान भटौली गांव निवासी राजेन्द्र पुत्र मुन्ना और बुमकहा गांव निवासी सोहन पुत्र हौशिला के रूप में हुई है। दोनों के विरुद्ध थाना सरपतहां में नकबजनी और चोरी से संबंधित 3 मुकदमे दर्ज थे।पुलिस के अनुसार, आरोपितों के पास से सफेद धातु के 10 सिक्के, चार पायल, दो चेन, पीली धातु का एक मंगलसूत्र और लाल धागे में गुथी 16 जिऊतिया बरामद हुई हैं। इसके अलावा दो स्टील की बाल्टी, एक सिलाई मशीन, एक गैस सिलेंडर और 10 हजार रुपये नकद भी मिले हैं।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार सोहन के विरुद्ध सरपतहां थाने में दर्ज 3 मुकदमों के अलावा वर्ष 2024 में मारपीट, घर में घुसकर हमला करने और धमकी देने तथा वर्ष 2011 में आबकारी और शस्त्र अधिनियम के तहत भी मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपितों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक चन्द्रमा पाण्डेय, सत्यवीर सिंह सहित पुलिसकर्मी मनमोहन सिंह, आशुतोष कुमार, बृजेश कुमार, सुनील कुमार और शिवेन्द्र यादव शामिल रहे।
.jpg)






