Jaunpur News: गुड़िया हत्याकाण्ड को लेकर उठे सवाल, ग्रामीणों ने की निष्पक्ष जांच की मांग

Aap Ki Ummid
follow us

पनौली में दिनदहाड़े महिला की हत्या से फैली दहशत

पुलिस कार्यवाही एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में चर्चा

बृजेश यादव

खुटहन, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के पनौली गांव में मुस्लिम महिला गुड़िया बानो की दिनदहाड़े हुई हत्या के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वहीं मृतका के परिजनों और ग्रामीणों की ओर से मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच की मांग उठाई जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि इतनी गंभीर घटना के बाद घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम के पहुंचने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों के बीच यह चर्चा है कि यदि घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जाते और सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जाती तो मामले की तह तक पहुंचने में पुलिस को मदद मिल सकती थी।

वहीं पीड़ित परिवार की ओर से दावा किया जा रहा है कि पुलिस ने जिस व्यक्ति को आरोपी बनाकर जेल भेजा है, उसके संबंध में परिवार के लोगों को हत्या में उसकी संलिप्तता पर संदेह है। परिजनों का कहना है कि आरोपी की उम्र करीब 70 वर्ष है और वे इस बात को लेकर भी सवाल उठा रहे हैं कि क्या उसके पास से मृतका के कान का झुमका, सोने की चेन और लॉकेट बरामद किए गए थे। समाचार लिखे जाने तक पीड़ित परिवार को कथित बरामदगी के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं होने की बात सामने आई है।

हालांकि इन आरोपों और दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में पूरे मामले में पुलिस की जांच और आधिकारिक तथ्यों का सामने आना महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि पनौली गांव में पिछले करीब एक वर्ष के भीतर यह दूसरी गंभीर घटना है। पिछली घटना के बाद गांव में पुलिस चौकी स्थापित किए जाने का आश्वासन दिए जाने की बात भी ग्रामीणों द्वारा कही जा रही है लेकिन उनका आरोप है कि अब तक पुलिस चौकी का निर्माण नहीं हो सका है।

लगातार हो रही घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से गुड़िया बानो हत्याकांड की निष्पक्ष जांच कराने, वास्तविक दोषियों तक पहुंचने तथा गांव में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग किया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि ऐसी घटनाओं की गंभीरता से जांच नहीं हुई और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की गई तो भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति से इनकार नहीं किया जा सकता।

ads

ads

ads

ads

ads

ads

ads

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!