एसपी के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज करके जांच पड़ताल में जुटी पुलिस
बिपिन सैनी
चौकियां धाम, जौनपुर। नगर के लाइन बाजार थाना क्षेत्र के चौकियां रामदासपुर नेवादा गांव के एक व्यक्ति के बेटे से दोस्ती टूटने पर उसके दोस्त द्वारा पूरे परिवार को गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित पिता की तहरीर पर एसपी के आदेश पर पुलिस ने शनिवार शाम को एक युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किया है।
लाइन बाजार थाना क्षेत्र के चौकियां रामदास पुर नेवादा निवासी मदन लाल का लड़का पंकज कपूर उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक में कर्मचारी है। प्रार्थी मदन लाल ने एसपी कार्यालय पहुचकर एसपी को प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया कि उसके लड़के पंकज कपूर की दोस्ती अमित कुमार गुर्जर निवासी जिला झांसी से हो गई थी जो नई मंडी चौकिया आता-जाता था और कभी-कभी घर भी आता था। इसी कारण बेटे से अनबन हो गई और बेटे ने उससे कहा कि तुम हमारे घर मत आना, तुम दोस्ती के लायक नहीं हो।
आरोप है कि इसी रंजिश में विपक्षी अमित कुमार गुर्जर प्रार्थी के लड़के पंकज कपूर के मोबाइल पर फोन कर गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देता है। इतना ही नहीं, प्रार्थी की विवाहित बेटी, जिसकी शादी नईगंज में हुई है और जिसका एक बच्चा भी है, के मोबाइल पर फोन करके गलत अपशब्द बोलता है और बेटी का अपहरण करने तथा बेटी के पति व बच्चों को जान से मारने की भी धमकी देता है।
पीड़ित मदन लाल ने बताया कि विपक्षी के लगातार फोन व मैसेज से पूरा परिवार परेशान है। इस संबंध में प्रार्थी ने पुलिस अधीक्षक जौनपुर को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी। एसपी के आदेश पर थाना लाइन बाजार पुलिस ने आरोपी अमित कुमार गुर्जर पता अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की विवेचना चौकी इंचार्ज चौकियां उपनिरीक्षक राम प्रकाश यादव को सौंपी गई है।
.jpg)






