बिजली विभाग की अनदेखी से घटी घटना
राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के चौकिया गुरैनी गाँव में हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। स्वजन का आरोप है कि बिजली विभाग की अनदेखी से घटना घटी है। उक्त गांव निवासी अब्दुल कलाम (45) गुरुवार की शाम अपने निर्माणाधीन मकान पर लोहे की पाइप चढ़ा रहे थे जहाँ छत के ऊपर से गुजर रहे हाई वोल्टेज तार की चपेट में आ जाने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ऐसे में स्वजनों में चीख—पुकार मच गई शोर सुनकर काफी ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गये। मृतक रोजी रोटी के सिलसिले में विदेश रहता था और कुछ दिनों से घर पर रहने लगा था। वह अपने पीछे पत्नी व दो बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार के लोगों ने बताया कि अगर बिजली विभाग समय से हमारी बात को सुन लिया होता तो आज यह घटना न घटती, क्योंकि मृतक कई बार अपनी छत से गुजर रही 11 हजार वोल्टेज की तार को हटाने के लिए संबंधित से कह चुका था। घटना को लेकर पूरे गाँव में मातम छा गया। वहीं पर बिजली विभाग की कार्य शैली को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश भी देखने को मिला। परिवार के लोगों ने बताया कि हम शव का पोस्टमार्टम नहीं करना चाहते हैं। खबर लिखे जाने तक कोई निर्णय नहीं हो पाया है।
.jpg)






