शिकायतों के बाद भी नहीं हुई मरम्मत
अभिनव सिंह
जौनपुर। जफराबाद थाने से गंगा पट्टी वार्ड के निर्माणाधीन वृद्धावस्था आश्रम तक जाने वाली सड़क पिछले एक वर्ष से जर्जर हालत में है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश में सड़क पर कीचड़ और जलभराव से आवागमन और भी मुश्किल हो जाता है।
स्थानीय निवासी आशुतोष सिंह ने बताया कि सड़क की मरम्मत के लिए उन्होंने सबसे पहले सिरकोनी ब्लॉक प्रमुख को प्रार्थना पत्र दिया था। वहां से उन्हें बताया गया कि सड़क नगर पालिका क्षेत्र में आती है, इसलिए इसकी मरम्मत नगर पालिका कराएगी।
इसके बाद उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा देवी को भी प्रार्थना पत्र सौंपा। पालिका की ओर से सड़क का एस्टीमेट तैयार कराया गया लेकिन करीब 1 वर्ष बीतने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका।
आशुतोष सिंह के अनुसार, बाद में उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों से संपर्क किया तो उन्हें बताया गया कि सड़क को विभाग में शामिल करने के लिए विधायक या सांसद के प्रस्ताव की आवश्यकता होगी। इसके बाद उन्होंने विधायक जगदीश नारायण राय और सांसद प्रिया सरोज को भी प्रार्थना पत्र दिया। विधायक ने उन्हें बताया कि सड़क निर्माण का प्रस्ताव पीडब्ल्यूडी को भेज दिया गया है।
इसके बावजूद सड़क की स्थिति जस की तस बनी हुई है। वृद्धाश्रम तक पहुंचने वाले इस मार्ग से प्रतिदिन स्थानीय लोगों के अलावा वृद्धाश्रम आने वाले लोग और अधिकारी भी गुजरते हैं। क्षेत्रवासियों ने सड़क का जल्द निर्माण कराए जाने की मांग किया है।
.jpg)





