राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब गुरैनी मार्टिनगंज मार्ग पर मनीकला हाल्ट से लगभग दो सौ मीटर गुरैनी की तरफ सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में एक युवक का शव मिला। धान की निराई करने जा रही महिलाओं ने शव देखा तो शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर राहगीर सहित आस—पास के लोग मौके पर जुट गये। किसी ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी के गड्ढे से बाहर निकलवाकर आस—पास के लोगों से पहचान कराने का प्रयास शुरू किया।
बताया गया कि काफी मशक्कत के बाद शव की पहचान चौकिया गुरैनी निवासी शाहजफर उर्फ मिस्टर (52) पुत्र स्व कुदुस के रूप में हुई। परिजनों को सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। मृतक के भाई सेराज अहमद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका भाई सिलाई का काम करते थे। गुरुवार को वह अपने काम से मानी गये थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने काफी खोजबीन की लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। परिजनों ने मामले की जांच कर मौत के कारणों का पता लगाने की मांग किया है। वहीं थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।
.jpg)







