जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ जहां जिलाधिकारी ने विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाय।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान करना है। प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब न किया जाए। अधिकारी शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्यवाही तक सीमित न रखें, बल्कि मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच करते हुए शिकायतकर्ता को संतुष्ट करते हुए गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें। जिन प्रकरणों में संयुक्त टीम द्वारा जांच की आवश्यकता है, उनमें संबंधित विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करें।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान अधिकांश शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व वादों एवं जनसामान्य से संबंधित प्रकरणों का शासन की मंशा के अनुरूप प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। भूमि विवाद, पैमाइश, नामांतरण, कब्जा एवं अन्य राजस्व संबंधी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अनावश्यक रूप से प्रकरण लंबित न रखे जायं।
इस मौके पर जिलाधिकारी के समक्ष कुल 46 शिकायतें प्राप्त हुईं जिनमें से 5 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये। अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि शासन एवं उच्चाधिकारियों द्वारा निर्धारित समयसीमा के भीतर शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाए, ताकि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसी क्रम में जनपद की समस्त तहसीलों में भी सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ जहां संबंधित उपजिलाधिकारियों एवं तहसील स्तरीय अधिकारियों द्वारा आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों की सुनवाई की गई तथा उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिये गये।
.jpg)






