महिला पुलिसकर्मियों का किया गया सम्मान
कनक शर्मा ने 12, स्मिता ने जीते 4 पदक
अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने पहनाया मेडल
अतुल राय
जौनपुर। पुलिस विभाग की विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक अर्जित करने वाली थाना जलालपुर में नियुक्त महिला मुख्य आरक्षी कनक शर्मा एवं महिला मुख्य आरक्षी स्मिता को अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव ने पुलिस कार्यालय में सम्मानित किया। उन्होंने दोनों महिला पुलिसकर्मियों को मेडल पहनाकर उनकी उपलब्धियों पर बधाई देते हुये भविष्य में भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
महिला मुख्य आरक्षी कनक शर्मा ने पुलिस विभाग की विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 12 पदक अर्जित किये हैं। इनमें 3 स्वर्ण, 5 रजत और 4 कांस्य पदक शामिल हैं। वहीं महिला मुख्य आरक्षी स्मिता ने कुल 4 पदक हासिल कर जौनपुर पुलिस का गौरव बढ़ाया है। उनके पदकों में 2 स्वर्ण और 2 रजत पदक शामिल हैं।
वाराणसी जोन में गत दिवस आयोजित 43वीं अन्तर्जोनल पुलिस बैडमिंटन/टेबल टेनिस प्रतियोगिता में कनक शर्मा ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कुल पांच पदक हासिल किए। इनमें तीन स्वर्ण एवं दो रजत पदक शामिल रहे। इसके बाद जनपद मुरादाबाद में आयोजित उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक खेल प्रतियोगिता-2026 में भी उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखते हुए 7 पदक अपने नाम किये जिनमें 3 रजत और 4 कांस्य पदक शामिल हैं।
इसी क्रम में आयोजित 43वीं उत्तर प्रदेश पुलिस अन्तर जनपदीय बैडमिंटन/टेबल टेनिस प्रतियोगिता-2026, जनपद सोनभद्र में महिला मुख्य आरक्षी स्मिता ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 2 स्वर्ण एवं 2 रजत सहित कुल 4 पदक अर्जित किये। दोनों महिला पुलिसकर्मियों की उपलब्धि पर जौनपुर पुलिस परिवार में खुशी का माहौल है। पुलिस विभाग ने उनकी मेहनत, लगन और खेल प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना किया है। उनकी सफलता अन्य पुलिसकर्मियों के लिए भी प्रेरणादायी मानी जा रही है।
.jpg)






