Jaunpur News: सुजानगंज को नगर पंचायत का दर्जा देने की उठी मांग

Aap Ki Ummid
follow us
Jaunpur News: सुजानगंज को नगर पंचायत का दर्जा देने की उठी मांग


क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिये सरकार को भेजा गया पत्र

सुजानगंज, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र को नगर पंचायत का दर्जा दिए जाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। इस संबंध में उत्तर प्रदेश सरकार को 13 अगस्त 2026 को एक पत्र भेजा गया जिसमें शासन स्तर से आवश्यक पहल और कार्यवाही की मांग की गयी है। पत्र में बताया गया कि पिछले कुछ वर्षों में सुजानगंज क्षेत्र में जनसंख्या, बाजार, व्यापारिक गतिविधियों और गैर-कृषि आधारित रोजगार के अवसरों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। आस—पास के कई गांवों के लोग दैनिक रूप से सुजानगंज बाजार आते हैं जिससे इस क्षेत्र का सामाजिक और आर्थिक महत्व लगातार बढ़ रहा है।

पत्र के अनुसार सुजानगंज अब पारंपरिक ग्रामीण क्षेत्र की सीमाओं से आगे बढ़कर नगरीय स्वरूप ले चुका है। क्षेत्र के निरंतर विकास और बढ़ती आबादी के कारण सड़क, नाली, जल निकासी, स्वच्छता, प्रकाश, पेयजल और सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था जैसी नागरिक सुविधाओं की आवश्यकता भी बढ़ गई है। पत्र में यह भी उल्लेख है कि सुजानगंज को नगर पंचायत का दर्जा मिलने से नागरिक सुविधाओं के विस्तार और रखरखाव को एक संस्थागत आधार मिलेगा। इससे विकास कार्यों की बेहतर योजना और क्रियान्वयन संभव होगा जिससे स्वच्छता, जल निकासी, सड़क, प्रकाश और पेयजल जैसी व्यवस्थाओं में सुधार की उम्मीद है। स्थानीय व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।

पत्र के माध्यम से शासन से अनुरोध किया गया कि सुजानगंज क्षेत्र की वर्तमान आवश्यकताओं और विकास की संभावनाओं को देखते हुए इसे नगर पंचायत के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया शुरू की जाए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग भी की गई है। इस पत्र पर आनंदिता सिंह और जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि आलोक सिंह के हस्ताक्षर हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को सम्बोधित पत्रक उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को पत्र सौंपते हुये क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, जनसंख्या, गैर-कृषि रोजगार, व्यापारिक गतिविधियों और राजस्व क्षमता का परीक्षण कर सुजानगंज को नगरीय क्षेत्र में शामिल करने की संभावनाओं की जांच कराने की भी मांग किया। सुजानगंज को नगर पंचायत का दर्जा मिलने से क्षेत्र के समग्र विकास को एक नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


ads

ads

ads

ads

ads

ads

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!