राज्यमंत्री के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा
राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंगलवार को स्थानीय कस्बा में देशभक्ति का जज्बा देखने को मिला। उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव के नेतृत्व में विकास खण्ड मुख्यालय सोंधी से तिरंगा यात्रा निकाली गयी। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
तिरंगा यात्रा सोंधी स्थित विकास खण्ड मुख्यालय से शुरू होकर खुटहन मार्ग होते हुए दीदारगंज मार्ग स्थित शक्ति मैरेज हाल पहुँची, जहाँ यात्रा का समापन हुआ। यात्रा के दौरान लोगों ने पूरे उत्साह के साथ तिरंगा लहराया और देशभक्ति के नारों के साथ स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को याद किया।
इस मौके पर मंत्री जी ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसके सम्मान के पीछे देश के असंख्य वीरों का त्याग, तपस्या और बलिदान जुड़ा हुआ है। देश की स्वतंत्रता, सुरक्षा और सम्मान के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले शहीदों को याद करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। हर घर तिरंगा जैसे अभियान लोगों, विशेषकर युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने के साथ ही देश के प्रति जिम्मेदारी का भाव पैदा करते हैं।
तिरंगा यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय लोगों की भी सहभागिता रही। यात्रा के दौरान मार्ग में देशभक्ति का माहौल बना रहा और लोगों ने तिरंगे के प्रति सम्मान प्रकट किया। इस अवसर पर एसडीएम शाहगंज अंकुर, अधिशासी अधिकारी अलका मौर्या, जिला महामंत्री अजय सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अजय सिंह, प्रमुख प्रतिनिधि सुनील यादव, जगदंबा प्रसाद पांडेय, डॉ. गजेंद्र पांडेय, संजय विश्वकर्मा, शांतिभूषण मिश्रा, उपेंद्र नाथ मिश्रा, मनीष गुप्ता, विशाल गुप्ता, गौरव मौर्या समेत तमाम लोग मौजूद रहे।
.jpg)






