विद्यालय में है अन्धेरा, विभाग ने भेज दिया उजाले का बिल
डाॅ. प्रदीप दूबे
सुइथाकला, जौनपुर। बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय सलेमपुर में सामने आया है। विद्यालय में न बिजली कनेक्शन दिया गया और न ही कभी विद्युत आपूर्ति हुई लेकिन विभाग ने 8,609.41 रुपये का बिजली बिल भेज दिया। मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक हरिशंकर ने बताया कि मई 2024 में झटपट पोर्टल पर बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। विभाग ने कनेक्शन संख्या 6962406412 जारी करते हुए 3,02,932 रुपये का स्टीमेट बनाया लेकिन स्टीमेट की धनराशि जमा नहीं होने के कारण कनेक्शन नहीं दिया गया। इसके बावजूद विद्यालय के नाम बिजली बिल जारी कर दिया गया।
ग्राम प्रधान उमाशंकर ने बताया कि मई 2024 से अब तक विद्यालय में एक दिन भी बिजली आपूर्ति नहीं हुई है। भीषण गर्मी में छात्र-छात्राएं बिना पंखे और रोशनी के पढ़ाई करने को मजबूर हैं। ऐसे में बिजली बिल भेजे जाने से विद्यालय प्रशासन और ग्रामीण हैरान हैं। ग्राम प्रधान ने शनिवार को अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड जौनपुर को पत्र भेजकर मामले की जांच कराने तथा बिना कनेक्शन जारी किए गए बिल को निरस्त करने की मांग किया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब स्टीमेट जमा नहीं हुआ और कनेक्शन भी नहीं दिया गया तो बिजली बिल किस आधार पर जारी किया गया। लोगों ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग किया है। इस बाबत पूछे जाने पर एके धर्मा एक्सईएन विद्युत विभाग जौनपुर ने बताया कि सम्बन्धित अभिलेख की जांच कर मामले में आवश्यक कार्रवाई की जायेगी।
.jpg)





