जौनपुर। 9 से 17 अगस्त तक जनपद में होंगे विभिन्न देशभक्ति एवं जनभागीदारी कार्यक्रम
जनपद में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को व्यापक जनभागीदारी एवं उत्साह के साथ सफलतापूर्वक आयोजित किये जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक हुई। अभियान के अन्तर्गत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों, विभागवार दायित्वों, प्रचार-प्रसार, तिरंगा यात्रा, स्वतंत्रता दिवस समारोह सहित अन्य गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। अभियान के अंतर्गत जनपद में 9 अगस्त से 17 अगस्त तक विभिन्न कार्यक्रम किये जायेंगे।
इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम को निर्धारित समय सारिणी के अनुसार पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ आयोजित किया जाय तथा इसमें अधिक से अधिक नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं, स्वयंसेवी संगठनों एन सी सी छात्र छात्राए, माई भारत वॉलेंटियर एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाय।
बैठक में अभियान के तहत आयोजित होने वाली गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया गया कि 9 से 15 अगस्त तक विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में ‘तिरंगा-प्रेरित कला गतिविधि’ आयोजित की जाएगी। इसके अंतर्गत स्वतंत्रता सेनानियों के चित्र एवं ‘वंदे मातरम्’ से संबंधित गतिविधियां कराई जाएंगी। संबंधित गतिविधियों की फोटोग्राफी कराकर निर्धारित वेबसाइट पर अपलोड भी की जाएगी। इसी क्रम में 10 से 15 अगस्त तक जनपद के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा थीम आधारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। सरकारी भवनों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, चौराहों एवं अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर तिरंगा थीम आधारित प्रकाश सज्जा एवं अलंकरण कराया जाएगा, जिससे पूरे जनपद में देशभक्ति का वातावरण निर्मित हो।
इसी क्रम में तिरंगा रैली आयोजित किए जाने की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कहा गया कि तिरंगा रैली में बाइक रैली के साथ ही विभिन्न वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इसमें विद्यार्थी, युवा, सरकारी अधिकारी, कर्मचारी, पुलिसकर्मी, महिला स्वयं सहायता समूह, सामाजिक संगठन, एनसीसी/एन.एस.एस छात्र-छात्राए, माई भारत वालेंटियर सहित अन्य नागरिक शामिल होंगे। 14 अगस्त को प्रातः 8:30 बजे से तिरंगा यात्रा आयोजित की जाएगी। यात्रा के दौरान ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन कराया जाएगा तथा विद्यार्थियों, युवाओं, सरकारी अधिकारियों-कर्मचारियों, सशस्त्र बलों के सदस्यों, महिला स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों सहित विभिन्न वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जायेगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर जनपद के प्रत्येक घर, कार्यालय एवं सार्वजनिक स्थल पर तिरंगा फहराया जाना सुनिश्चित किया जाए। ग्राम स्तर से लेकर नगरीय क्षेत्रों तक अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करते हुए प्रत्येक परिवार को अभियान से जोड़ा जाय। तिरंगा यात्रा एवं जुलूस के दौरान चिन्हित स्थानों पर पेयजल एवं सूक्ष्म जलपान की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाय। यात्रा के दौरान ड्रोन कैमरे से वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी तथा साउंड, बैंड, फ्लैग आदि की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाय। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा प्रतिभागियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक प्रबंध किये जायं। उन्होंने जनपदवासियों से अपील किया कि ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ में पूरे उत्साह के साथ सहभागी बनें और अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं कार्यालयों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं देशभक्ति की भावना को मजबूत करने में अपना योगदान दें।
.jpg)






