एडीओ कृषि ने कहा— मक्का अनाजों की रानी
बरसठी, जौनपुर। त्वरित मक्का किसान योजना के अन्तर्गत विकास खंड स्तरीय कृषक गोष्ठी का आयोजन शुक्रवार को स्थानीय विकास खण्ड के सभागार में हुआ जिसका मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में मक्का की वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देना तथा इसके रकबे में वृद्धि करना रहा।
गोष्ठी में विषय वस्तु विशेषज्ञ अशोक पाल ने किसानों को मक्का की वैज्ञानिक खेती, जल प्रबंधन, कीट एवं रोग नियंत्रण तथा संतुलित उर्वरक प्रबंधन की आधुनिक तकनीकों की विस्तृत जानकारी दिया। एडीओ कृषि सर्वेश पाल ने मक्का को “अनाजों की रानी” बताते हुये कहा कि इसमें अन्य खाद्यान्न फसलों की अपेक्षा अधिक उत्पादन क्षमता होती है। मक्का में विटामिन ए, बी व सी, कार्बोहाइड्रेट, फाइबर और खनिज तत्व प्रचुर मात्रा में पाये जाते हैं जो कुपोषण दूर करने में सहायक हैं। साथ ही यह पशु चारे, ऊर्जा उत्पादन तथा इथेनॉल निर्माण का भी प्रमुख स्रोत है।
इसी क्रम में उप परियोजना निदेशक रमेश चंद्र यादव ने बताया कि मक्का की खेती खरीफ, रबी और जायद तीनों मौसमों में की जा सकती है। उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, कृषि यंत्रीकरण एवं विभागीय योजनाओं की भी विस्तार से जानकारी दिया। साथ ही फाइनेंशियल काउंसलर दिनेश कुमार ने किसान क्रेडिट कार्ड सहित विभिन्न सरकारी वित्तीय योजनाओं पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में वरिष्ठ प्राविधिक सहायक कृषि रक्षा सुनील कुमार सहित विभागीय कर्मचारियों की उपस्थिति रही। विभिन्न गांवों से आये सैकड़ों किसानों ने गोष्ठी में भाग लेकर आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी प्राप्त किया।
.jpg)









