Jaunpur News: दहेज उत्पीड़न के आरोपों के बीच विवाहिता का शव पेड़ से लटका मिला, हत्या की आशंका

Aap Ki Ummid
follow us
Jaunpur News: दहेज उत्पीड़न के आरोपों के बीच विवाहिता का शव पेड़ से लटका मिला, हत्या की आशंका


सोनू गुप्ता

मड़ियाहूं, जौनपुर। नेवढ़िया थाना क्षेत्र के तरती लछ्छनपुर गांव में शुक्रवार सुबह लगभग 24 वर्षीय विवाहिता का शव अमरूद के पेड़ से संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका के मायके पक्ष ने दहेज उत्पीड़न के बाद हत्या का आरोप लगाते हुए पति समेत 5 लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार तरती लछ्छनपुर गांव निवासी शांति देवी (24) का शव शुक्रवार सुबह अमरूद के पेड़ से लटका मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही नेवढ़िया थाना प्रभारी निखिलेश तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। क्षेत्राधिकारी विजय चौधरी ने भी मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल किया।

मृतका के मायके पक्ष का आरोप है कि जब वे घटनास्थल पर पहुंचे तो शांति देवी का शव पेड़ से लटका नहीं था, बल्कि जमीन पर रखा हुआ था। वहीं ससुराल पक्ष का कहना है कि विवाहिता ने आत्महत्या की है। दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों के चलते मामले ने नया मोड़ ले लिया है।

परिजनों का आरोप है कि गुरुवार रात लगभग 11 बजे शांति देवी ने फोन कर कहा था, "हमें बचा लो, नहीं तो ये लोग हमें मार देंगे।" उनका कहना है कि विवाह के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर शांति को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। मायके पक्ष ने पति अमन गोंड, जेठ शनी गौड़, जेठानी संगीता गौड़, सास एवं ननद पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने तथा हत्या करने का आरोप लगाया है। शांति देवी का विवाह 22 अप्रैल 2023 को हुआ था। वह अपने पीछे एक वर्षीया पुत्री शिवानी को छोड़ गई हैं। मृतका का मायका मड़ियाहूं तहसील के उगापुर गांव में है।

वहीं जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस बाबत पूछे जाने पर क्षेत्राधिकारी विजय चौधरी ने बताया कि मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं विवेचना में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।



ads 


ads

ads

ads

ads

ads

ads

ads

ads


ads

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!