जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा गंभीरतापूर्वक आमजन की समस्याएं सुनी गईं तथा संबंधित अधिकारियों को प्राप्त प्रार्थना पत्रों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ग्राम मई निवासी शिवशंकर गोसाई द्वारा तालाब एवं चकमार्ग की भूमि पर अवैध कब्जा हटवाए जाने के संबंध में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया, जिस पर जिलाधिकारी ने सम्बन्धित कानूनगो एवं लेखपाल को निर्देशित किया कि प्रकरण की जांच कर अतिक्रमण हटवाने हेतु आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसी प्रकार जमैथा निवासी छोटेलाल द्वारा चक सीमांकन के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया गया, जिस पर जिलाधिकारी ने एसीओ चकबंदी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ग्राम कादीपुर निवासी हरिश्चन्द्र द्वारा प्रार्थना पत्र के माध्यम से अवगत कराया गया कि विपक्षी द्वारा रास्ता अवरुद्ध कर दिया गया है। इस पर थाना प्रभारी जफराबाद एवं राजस्व निरीक्षक को संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण कर प्रकरण का नियमानुसार निस्तारण कराने के निर्देश दिए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी के समक्ष कुल 87 प्रकरण प्रस्तुत हुए, जिनमें से 07 प्रकरणों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। जिलाधिकारी ने सभी जिलास्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में सर्वाधिक शिकायतें जमीनी विवादों से संबंधित प्राप्त होती हैं, अतः ऐसे प्रकरणों का समाधान निचले स्तर पर ही सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे संयुक्त रूप से मौके पर जाकर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराएं। चकमार्गों पर अवैध कब्जा हटवाने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने जनपद में वृहद पौधरोपण अभियान की तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि पौधरोपण के दिन ही पौधों का जियो टैगिंग कार्य भी पूर्ण कराया जाए। जिलाधिकारी ने मानसून के दृष्टिगत जल निकासी कार्य को प्राथमिकता के आधार पर कराने के निर्देश दिए। बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि विद्यालय परिसरों में जलभराव की स्थिति न उत्पन्न होने पाए। इसके अतिरिक्त संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम को भी प्रभावी एवं सफलतापूर्वक संचालित किए जाने पर बल दिया गया। उन्होंने गो-संरक्षण केंद्रों पर भूसा, चोकर एवं हरे चारे की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि वर्षा ऋतु में सर्पदंश की घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है, इसलिए इस संबंध में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। साथ ही जनपदवासियों को अधिक से अधिक शौचालयों के उपयोग हेतु प्रेरित किया जाए तथा सामुदायिक शौचालयों को पूर्णतः क्रियाशील बनाए रखा जाए। आकाशीय बिजली से संबंधित दुर्घटनाओं की स्थिति में प्रभावित व्यक्तियों को 24 घंटे के भीतर राहत उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे टीम भावना के साथ कार्य करें तथा जनहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन सुनिश्चित करें। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम, क्षेत्राधिकारी गोल्डी गुप्ता, जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी, उप जिलाधिकारी सदर योगिता सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए केके पाण्डेय, जिला पंचायत राज अधिकारी नवीन सिंह, तहसीलदार सदर आशीष सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Jaunpur News: डीएम की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न
जुलाई 06, 2026
follow us
.jpg)










