चन्दन अग्रहरि
शाहगंज, जौनपुर। जेसीआई शाहगंज सिटी द्वारा आयोजित तीन दिवसीय समर कैंप का समापन हुआ। शिविर में बच्चों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और रचनात्मक प्रतिभा को निखारने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन हुआ।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. सुधाकर मिश्रा ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभाओं को बाहर लाने का कार्य करते हैं। शिक्षा के साथ व्यक्तित्व विकास भी सफलता के लिए आवश्यक है।
विशिष्ट अतिथि भाजपा जिला कोषाध्यक्ष रीता जायसवाल ने बच्चों के उत्साह और प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर सीखने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं जेसीआई शाहगंज सिटी के पूर्व अध्यक्ष अभिषेक अग्रहरि ने कहा कि कार्यक्रम बच्चों के भविष्य को नई दिशा देने का कार्य करते हैं।
इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 प्रतिभागियों को "आउटस्टैंडिंग पार्टिसिपेंट", 12 प्रतिभागियों को "बेस्ट ग्रुप लीडर" के रूप में सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को भी अलग-अलग वर्गों में पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किये गये।
मुख्य प्रशिक्षक शालिनी बर्मन राष्ट्रीय प्रशिक्षक जेसीआई इंडिया ने 3 दिनों के प्रशिक्षण के अनुभव साझा करते हुये कहा कि बच्चों में सीखने की अद्भुत क्षमता होती है और उचित मार्गदर्शन मिलने पर वे किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। अन्त में सभी प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किये और समर कैंप को यादगार एवं प्रेरणादायक बताया। जेसीआई शाहगंज सिटी के अध्यक्ष विवेक सोनी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारी, सदस्यगण, अभिभावक सहित बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।
.jpg)









