पिछड़ों, दलितों एवं अल्पसंख्यकों के अधिकारों की लड़ाई का लिया गया संकल्प
अतुल राय
जलालपुर, जौनपुर। पिछड़ों, दलितों, अल्पसंख्यकों तथा विशेषकर पसमांदा मुस्लिम समाज को एकजुट करके उनके अधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से रविवार को बयालासी इंटर कॉलेज मैदान में “रोजगार सामाजिक अधिकार अभियान” के तहत विशाल रैली एवं जनसभा हुई। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे और सामाजिक न्याय तथा अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करने का संकल्प लिया। पूरे मैदान में सामाजिक एकता और अधिकारों को लेकर जोश दिखाई दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख संदीप सिंह ने कहा कि भारतीय मानव समाज पार्टी, राष्ट्र उदय पार्टी और ऑल इंडिया पीपल्स फ्रंट मिलकर समाज के वंचित वर्गों की आवाज को गांव से लेकर केंद्र तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। अन्य राजनीतिक दल सत्ता में आने के बाद अपने वादों को भूल जाते हैं लेकिन उनका संगठन समाज के अंतिम व्यक्ति को उसका अधिकार दिलाने के लिए संघर्षरत रहेगा। उनकी राजनीति का उद्देश्य सत्ता प्राप्त करना नहीं बल्कि सामाजिक न्याय स्थापित करना है।
ऑल इंडिया पीपल्स फ्रंट के संस्थापक अखिलेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि देश के युवाओं को आज शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार की सबसे अधिक आवश्यकता है लेकिन मुख्यधारा की राजनीति इन मुद्दों पर गंभीर नहीं दिखाई देती। वहीं राष्ट्र उदय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूराम पाल ने कहा कि यह गठबंधन केवल चुनावी लाभ के लिए नहीं, बल्कि जनता के अधिकारों की लड़ाई के लिए बनाया गया है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भारतीय मानव समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष केवट रामधनी बिंद ने घोषणा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में ‘भूमि अधिकार’ को प्रमुख मुद्दा बनाया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन अशोक बिंद ने किया। इस अवसर पर जितेंद्र सिंह, अशोक चौहान, सभाजीत विश्वकर्मा, पारस चौधरी, विजय बहादुर, दिनेश पाल, संदीप यादव, मुकेश चौहान, सूरज प्रजापति, प्रभाकर वर्मा, रमेश बिंद सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद रहे।
.jpg)












