Jaunpur News: सोमनाथ स्वाभिमान पर्व को लेकर हुये विविध कार्यक्रम

Aap Ki Ummid
follow us
Jaunpur News: सोमनाथ स्वाभिमान पर्व को लेकर हुये विविध कार्यक्रम


नगर में निकाली कलश यात्रा, अधिकारियों ने देखा सजीव प्रसारण


जौनपुर। शासन के निर्देश के क्रम में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अन्तर्गत जनपद में श्रद्धा, आस्था एवं सांस्कृतिक चेतना से ओत-प्रोत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। इसी क्रम में सोमवार को प्रातः 8ः30 बजे जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारीद्वय अजय अंबष्ट, परमानन्द झा सहित अन्य अधिकारीगण की उपस्थिति में भव्य कलश यात्रा निकाली गई।

कलश यात्रा कलेक्ट्रेट परिसर से प्रारंभ होकर डाक बंगला चौराहा होते हुए पुलिस लाइन स्थित शिव मंदिर तक पहुँची जहां मंदिर में विधिवत पूजन अर्चन करते हुये लोगों में प्रसाद का वितरण किया गया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में अत्यंत उत्साह एवं भक्ति भाव देखने को मिला। महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर पारंपरिक एवं धार्मिक वातावरण को और अधिक आकर्षक बनाया। “हर-हर महादेव” एवं भगवान शिव के जयघोष से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं एवं आम जनमानस द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत भी किया गया।

कलश यात्रा में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं शिक्षक एवं आमजन उपस्थित रहे। यात्रा के माध्यम से भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा एवं धार्मिक एकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के व्यापक प्रबंध किए गए थे जिससे यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।

इसके उपरांत प्रातः 10 बजे से कलेक्ट्रेट स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सोमनाथ मन्दिर से प्रधानमंत्री जी और बाबा विश्वनाथ की पावन नगरी वाराणसी स्थित त्र्यंबकेश्वर बहुउद्देशीय हॉल, श्री काशी विश्वनाथ धाम परिसर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जी और राज्यपाल जी के प्रेरणादायी उद्बोधन को भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, डा0 अजय सिंह, जिला महामंत्री पीयूष गुप्ता, पूर्व विधायक दिनेश चौधरी, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी सहित अन्य की उपस्थिति में सुनते हुये आयोजित कार्यक्रम के सजीव प्रसारण को देखा गया।

इस दौरान जिलाधिकारी ने जौनपुर जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, मछलीशहर जिलाध्यक्ष डा0 अजय सिंह, पूर्व विधायक दिनेश चौधरी सहित अन्य अतिथिगण को अंगवस्त्रम और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वहीं भगवान सोमनाथ मंदिर के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने बताया कि सोमनाथ मंदिर भारतीय संस्कृति, आस्था एवं राष्ट्र गौरव का प्रतीक है जिसने विपरीत परिस्थितियों में भी सनातन परंपरा की अखंडता एवं आत्मसम्मान को बनाए रखा। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भारतीय संस्कृति एवं विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया।

इस अवसर पर समस्त तहसील, विकास खंड, ग्राम पंचायतों में भी शिव मंदिर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। शिवालयों में मंत्रोच्चार, ओंकार जाप, महाआरती रुद्राभिषेक, दीपोत्सव तथा भजन कार्यक्रम हुआ जिसमें स्थानीय समुदाय द्वारा जनभागीदारी की गई। साथ ही विभिन्न विद्यालयों में पेंटिंग, रंगोली सहित अन्य प्रतियोगिताएं की गईं। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका नूपुर श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर जनपद के विभिन्न अधिकारीगण, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

adsads

 

ads

ads

ads

ads



ads

ads


ads

ads

ads

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!