सहायक शोध अधिकारी ने कहा— सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र पर ही लगेगी वैक्सीन
तेजस टूडे सं.
डा. संजय यादव
बदलापुर, जौनपुर। स्वास्थ्य विभाग की मंशा के मुताबिक अब किशोरियों में सर्वाइकल कैंसर यानी बच्चेदानी के मुंह के कैंसर से बचाव के लिए बदलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर 1 अप्रैल से एचपीवी वैक्सीन लगाया जा रहा है। यह जानकारी देते हुए सहायक शोध अधिकारी सौम्या त्रिपाठी ने बताया कि अभियान को अमली जामा पहनाने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, आशा, आशा संगनी तथा एएनएम डोर—टू—डोर सर्वे कर 14 वर्ष की किशोरियों को चिन्हित कर उन्हें वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित कर रही हैं। यह अभियान तीन महीने तक चलेगा।
उन्होंने बताया कि एचपीवी वैक्सीन मुख्य रूप से सर्वाइकल कैंसर(बच्चे दानी के मुंह का कैंसर) से सुरक्षा प्रदान करता है। सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले आम कैंसरों में से एक है। बताया जाता है कि एक डोज़ वैक्सीन की कीमत बाज़ार में लगभग 4000 हजार रुपये तक का है, मगर सरकार की महत्वकाँक्षी योजना के अंतर्गत यह वैक्सीन स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ केंद्र में निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। ब्लाक क्षेत्र में 14 वर्ष उम्र की 2643 किशोरियों में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए वैक्सीन लगायी जायेगी।
लाभार्थी के लिये आवश्यक फस्तावेज
एचपीवी वैक्सीन को लगवाने के लिए किशोरियों को आधार कार्ड या जन्म प्रमाण पत्र, मोबाइल नम्बर एवं राशन कार्ड लाना अनिवार्य है।
सोमवार से शनिवार तक है ड्यूटी
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर एचपीवी वैक्सीन लगाने के लिए स्टाफ नर्स फूलमती एवं कामना की रविवार को छोड़कर शेष कार्य दिवस सोमवार से शनिवार तक सुबह पूर्वाह्न नौ बजे से अपराह्न दो बजे तक ड्यूटी लगायी गयी है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम कर रही प्रचार—प्रसार
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी वैक्सीन बहुत ही कारगर है। 13 से 14 वर्ष की किशोरियों को ही वैक्सीन का डोज़ दिया जाएगा। अभी सीमित मात्रा में वैक्सीन आया है, इसलिए जल्द से जल्द पूर्णतः निशुल्क वैक्सीन का ऐसी सभी किशोरी लाभ उठाना सुनिश्चित करें। जागरूकता के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम वृहद प्रचार—प्रसार कर रही है।
.jpg)










