Jaunpur News: चलो अभियान की गूंज, रैली एवं कार्यक्रम से बढ़ा शिक्षा का उत्साह

Aap Ki Ummid
follow us
Jaunpur News:  चलो अभियान की गूंज, रैली एवं कार्यक्रम से बढ़ा शिक्षा का उत्साह


तेजस रैली के माध्यम से शत—प्रतिशत नामांकन के लिये किया गया जागरूक


शुभांशू जायसवाल

जौनपुर। नए शैक्षिक सत्र 2026-27 के अवसर पर ‘स्कूल चलो अभियान’ की जोरदार शुरुआत डायट परिसर में भव्य समारोह के साथ की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण विभाग गिरीश चंद्र यादव उपस्थित रहे। अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने किया जहां विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इस अभियान का शुभारंभ प्रदेश स्तर पर वाराणसी में मुख्यमंत्री द्वारा किया गया जिसका सजीव प्रसारण भी कार्यक्रम में दिखाया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य जनपद में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना तथा परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाना है।

इस दौरान नव नामांकित बच्चों को निशुल्क पाठ्य-पुस्तकें, यूनिफॉर्म एवं बैग वितरित किए गए। इसके पश्चात “स्कूल चलो रैली” को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली में छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक जागरूकता से जुड़े स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर शामिल हुए। “सब पढ़ें, सब बढ़ें”, “आधी रोटी खाएंगे, स्कूल जरूर जाएंगे”, “हर बच्चा स्कूल में” जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा। रैली चहारसू चौराहा, सद्भावना मोड़, शाही किला, अटाला मस्जिद, कोतवाली चौराहा होते हुए पुनः डायट परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।

मुख्य अतिथि श्री यादव ने अभिभावकों से अपील किया कि वे अपने बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन कराएं और नियमित रूप से विद्यालय भेजें। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने निर्देश दिए कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए अधिकारी एवं शिक्षक घर-घर संपर्क करें। अभियान का पहला चरण 15 अप्रैल तक तथा दूसरा चरण 1 जुलाई से 15 जुलाई तक चलाया जाएगा।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने बताया कि 3 वर्ष तक के बच्चों का पंजीकरण आंगनबाड़ी केंद्रों में तथा 6 वर्ष तक के बच्चों का नामांकन प्राथमिक विद्यालयों में कराया जाएगा। कक्षा 5 उत्तीर्ण बच्चों का प्रवेश उच्च प्राथमिक विद्यालयों में सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही ड्रॉपआउट एवं दिव्यांग बच्चों के विशेष नामांकन पर भी जोर दिया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन बीईओ रमेश चंद्र पटेल एवं नूपुर श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मनोरमा मौर्य, मंत्री प्रतिनिधि अजय सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष नीरज मौर्य सहित अनेक अधिकारी, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



ads

ads

ads

ads

ads

ads

ads

ads

ads
ads


#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!