जौनपुर। "यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते, रमन्ते तत्र देवता:" अर्थात जहां नारी का सम्मान होता है, वहां देवता भी निवास करते हैं। हमारे शास्त्रों, संस्कृति में महिलाओं को देवी का स्थान दिया गया है। देश की समृद्धि में हमारी नारी शक्ति का महत्वपूर्ण योगदान है, जब तक नारी का सम्मान नहीं होगा, देश में समृद्धि नहीं आयेगी। उक्त बातें एके शर्मा मंत्री नगर विकास शहरी समग्र विकास, नगरीय विकास एवं गरीबी उन्मूलन, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग उ0प्र0/प्रभारी मंत्री जौनपुर ने कलेक्ट्रेट सभागार में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित न होने के कारण महिला जन आक्रोश अभियान के संबंध में पत्रकारों से हुई वार्ता के दौरान कही।
उन्होंने आगे कहा कि शक्ति स्वरूपा नारी समुदाय को उनका अधिकार देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन अभियान की कल्पना की गई। वर्ष 2023 में हम उसे दिशा में आगे भी बढ़े और इस माह उसमें कुछ संशोधन किये जाने थे जिसके लिये संसद में विशेष अधिवेशन बुलाकर उसे पारित कराया जाना था तथा कानूनी रूप दिया जाना था किंतु विपक्षी पार्टियों द्वारा इस अधिनियम को पास नहीं होने दिया गया। इसे उन्होंने नारी समुदाय का अपमान बताते हुये कहा कि इसी कारण नारी शक्ति आक्रोशित है। हम सभी दुखी हैं। व्यथित हैं कि यह अधिनियम पास नहीं हो सका किंतु शासन एवं हमारा संकल्प है कि जब तक महिलाओं को उक्त अधिनियम अन्तर्गत अधिकार नहीं मिल जाता हमारा प्रयास आगे भी जारी रहेगा।
इस अवसर पर सांसद राज्यसभा सीमा द्विवेदी, विधायक बदलापुर रमेश चंद्र मिश्रा, विधायक मडियाहूं डॉ0 आर0के0 पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्य, जिलाध्यक्ष भाजपा अजीत प्रजापति, डॉ0 अजय सिंह सहित अन्य पदाधिकारीगण, अधिकारीगण आदि उपस्थित रहे।
.jpg)











