संचालक ऋषि यादव ने बच्चों में बांटा पाठ्य सामग्री, फल, दूध, बिस्कुट
तेजस टूडे सं.
राजेश पाल
धर्मापुर, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के मोहिउद्दीनपुर गांव में स्थित समाजवादी कुटिया में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती बड़े ही श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। इस मौके पर समाजवादी कुटिया के संस्थापक/संचालक ऋषि यादव एडवोकेट ने बच्चों के बीच पठन पाठन सामग्री एवं दूध, फल, बिस्कुट वितरित किया। साथ ही कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना और उन्हें बाबा साहेब के विचारों से जोड़ना है। डॉ. अम्बेडकर ने अपने जीवन में शिक्षा को सबसे बड़ा हथियार माना और समाज में समानता स्थापित करने के लिए ज्ञान को अनिवार्य बताया। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए समाजवादी कुटिया द्वारा प्रत्येक वर्ष बाबा साहब की जयंती मनाई जाती हैं।
इस दौरान समाजवादी कुटिया के शिक्षक उमाशंकर यादव ने बाबा साहेब के संघर्षपूर्ण जीवन, उनके सामाजिक योगदान और संविधान निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाती है और समाज में सम्मान दिलाती है। बच्चों ने भी कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया और अध्ययन सामग्री के साथ दुध, फल, बिस्कुट प्राप्त करके खुशी जाहिर किया। अभिभावकों एवं स्थानीय ग्रामीणों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी सार्थक बना दिया।
अन्त में सभी उपस्थित लोगों ने यह संकल्प लिया कि वे डॉ. आंबेडकर के आदर्शों को अपनाते हुए समाज में शिक्षा, समानता और जागरूकता को बढ़ावा देंगे। यह आयोजन क्षेत्र में सामाजिक जागरूकता का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनता जा रहा है। इस अवसर पर राम सकल, राम प्रसाद गौण, आकाश समेत तमाम लोग मौजूद रहे।
.jpg)











