परशुराम सेवा संस्थान ने आयोजित किया प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन
सुजानगंज, जौनपुर। परशुराम जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर सुजानगंज के गौरीशंकर धाम पर परशुराम सेवा संस्थान के तत्वावधान में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक उदयभान करवरिया ने कहा कि वर्तमान में प्रबुद्ध वर्ग को शिक्षा की सबसे बड़ी आवश्यकता है तथा शिक्षा के साथ स्वावलंबन भी जरूरी है तभी प्रबुद्ध वर्ग का उत्थान हो सकता है। हमें अपने अस्तित्व को बचाने के लिए अपनी परंपराओं को निभाना अत्यंत आवश्यक है।
इसके पहले विशिष्ट अतिथि सपा नेता पंकज मिश्रा, भाजपा नेता अर्चना शुक्ला, वरिष्ठ समाजसेवी भोलानाथ मिश्र, पूर्व ब्लाक प्रमुख कमला शंकर मिश्र सहित अन्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि द्वारा भगवान परशुराम जी की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्वलित करके किया गया। इस दौरान परशुराम सेवा संस्थान संगठन के संस्थापक कमलेश तिवारी ने वेद प्रकाश शर्मा को संगठन का राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया।
इसी क्रम में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सरकार से 3 मांग किया कि परशुराम जन्मोत्सव पर अवकाश की घोषणा की जाय। भगवान परशुराम के हाथों में शोभित शस्त्र को प्रबुद्ध वर्ग के लिए छूट दी जाय कि वह उसे शस्त्र को सभी स्थानों पर ले जा सके तथा भगवान परशुराम जी की विशेष स्थानों पर भव्य मूर्तियां लगवाई जाए। अंत में कार्यक्रम आयोजक कमलेश तिवारी ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दिनेश त्रिपाठी एवं संचालन राकेश मिश्रा ने किया। इस अवसर पर दिनेश मिश्रा, दिलीप मिश्र, संजय त्रिपाठी, सुधीर त्रिपाठी, सुरेन्द्र पांडेय सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।
.jpg)











